सूरत: सचिन के उन पाटिया इलाके में खुले गोदाम में रखे वेस्टेज कपड़ों में लगी विकराल आग; कई किलोमीटर दूर तक दिखा काले धुएं का गुबार, 6 स्टेशनों से पहुंचीं 9 दमकल गाड़ियां
सूरत। गुजरात के सूरत शहर स्थित सचिन इलाके के उन पाटिया क्षेत्र में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब खुले में रखे वेस्टेज कपड़ों के एक बड़े स्टॉक में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से भड़की कि देखते ही देखते उसने विकराल रूप धारण कर लिया और आसमान में काले धुएं का घना गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई देने लगा। आसपास के रिहायशी और औद्योगिक इलाकों में धुआं फैलने से स्थानीय लोगों व मजदूरों में दहशत का माहौल बन गया।
आग की भयावहता को देखते हुए फायर ब्रिगेड विभाग ने तत्काल मोर्चा संभाला, घटना की सूचना मिलते ही शहर के 6 अलग-अलग फायर स्टेशनों से करीब 9 दमकल गाड़ियों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
खुले गोदाम में वेस्टेज कपड़ों का भारी स्टॉक होने के कारण लपटें लगातार तेज हो रही थीं। दमकलकर्मियों ने चारों तरफ से पानी की बौछारें कर आग को आसपास के अन्य क्षेत्रों और इमारतों तक फैलने से रोकने के लिए युद्धस्तर पर अभियान चलाया।
इस अग्निकांड में सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि घटना में अब तक किसी के हताहत होने या जनहानि की कोई सूचना नहीं है। हालांकि, खुले गोदाम में जमा वेस्टेज कपड़ों का विशाल स्टॉक पूरी तरह जलकर खाक होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। स्थानीय पुलिस और फायर विभाग की टीमें आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद कारणों की जांच में जुट गई हैं।

