Thursday, May 14, 2026
Latest:
Latest

सीमा पर चीन से तनाव के बीच भारत और रूस की नौसेनाओं ने बंगाल की खाड़ी में शुरू किया युद्धाभ्यास

नई दिल्ली। पूर्वी लद्दाख में चीन से जारी सैन्य तनाव के बीच शुक्रवार को भारत और रूस की नौसेनाओं ने बंगाल की खाड़ी में दो दिवसीय संयुक्त युद्धाभ्यास शुरू किया। इसका मकसद विभिन्न सुरक्षा चुनौतियों के मद्देनजर समन्वय को बढ़ाना है।

भारतीय नौसेना के प्रवक्ता कमांडर विवेक मधवाल ने बताया कि इस युद्धाभ्यास का मकसद दोनों देशों के नौसेना के बीच समझबूझ बढ़ाना और एक-दूसरे के सर्वश्रेष्ठ तरीकों को अपनाना है।

यह युद्धाभ्‍यास दोनों देशों की नौसेना के बीच दीर्घकालिक सामरिक रिश्तों को दर्शाता है।

बता दें कि चीन की आक्रामक और उकसावे वाली कार्रवाइयों से निपटने के लिए भारत ने हिंद महासागर क्षेत्र में अपनी नौसेना की तैनाती बढ़ा दी है।

इसमें बड़ी संख्या में युद्धपोत और पनडुब्बियां शामिल हैं। इस नौसैनिक अभ्यास का नाम इंद्र रखा गया है। इसमें सतह और हवा में मौजूद लक्ष्यों को मार गिराने जैसे अभ्यास किए जा रहे हैं।

इसमें रूसी युद्धपोत एडमिरल विनोग्रादोव, एडमिरल त्रिबुत्स और बोरिस बुतोमा के अलावा हेलीकॉप्टरों का बेड़ा भी भाग ले रहा है।

इस युद्धाभ्यास को पहले रूस के व्लादिवोस्तक में आयोजित होना था लेकिन कोरोना महामारी के चलते इसे टाल दिया गया था।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम