सीजीएचएस की छठवीं डिस्पेंसरी खुलने की अनुमति से हर्ष

जबलपुर। वित्त मंत्रालय ने जबलपुर में सीजीएचएस की छठवीं डिस्पेंसरी खोले जाने की अनुमति दे दी है। यह जानकारी भारतीय वरिष्ठ नागरिक एसोसिएशन के अध्यक्ष आरएस तिवारी ने बताया कि इससे वरिष्ठ नागरिकों में हर्ष व्याप्त है। इस संबंध में लंबे समय से मांग जारी थी। कई बार ज्ञापन सौंपे गए। आंदोलन-प्रदर्शन तक किए गए। अंतत: जीत वरिष्ठ नागरिकों की हुई। सीनियर सिटीजन जबलपुर में चार और डिस्पेंसरी की अपेक्षा रखते हैं।
बैंकों में पेंशनर्स के लिए अलग से खोले जाएं काउंटर
जबलपुर। बैंकों में पेंशनर्स के लिए अलग से काउंटर्स खोले जाने की मांग पेंशनर्स एसोसिएशन ने की है। प्रांतीय महामंत्री एडवोकेट राजकुमार दुबे ने बताया ऐसा इसलिए क्योंकि 60 वर्ष से अधिक आयु के सीनियर सिटीजन पेंशन के लिए लंबी लाइन में नहीं लग सकते।
पेंशनर्स के लिए खुली रहेंगी चार शाखाएं
पेंशनर्स एसोसिएशन मध्यप्रदेश के अध्यक्ष एचपी उरमलिया ने बताया कि पेंशनर्स को जीवित होने का प्रमाण-पत्र बैंकों में जमा करना है। इसके लिए स्टेट बैंक की चार शाखाएं रविवार को भी खुली रहेंगी। इसके लिए सुबह 11 से शाम 5 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है।
पुलिस महकमे को मानदेय दिया जाए
जबलपुर। मध्यप्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के प्रांतीय महामंत्री योगेन्द्र दुबे ने पुलिस कर्मियों और अधिकारियों को भी मानदेय दिए जाने पर बल दिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस कर्मी व अधिकारी भी चुनाव ड्यूटी में भरपूर मेहनत करते हैं। सुरक्षा-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी उनके ही ऊपर होती है।








