Thursday, May 7, 2026
Latest:
अजब गजब

साली की शादी गुजरी नागवार, बारात आने से एक दिन पहले जीजा ने जलाकर मार डाला

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के तुमड़ीबोड़ से लगे ग्राम कोपेडीह में शनिवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां डोली उठने से पहले युवती की अर्थी उठ गई। रविवार को उसकी शादी थी। साली पर गलत नजर रखने वाले जीजा को यह बात नागवार गुजर रही थी। ऐसे में बारात आने से एक दिन पहले उसने मिट्टीतेल उड़ेलकर साली को जिंदा जला दिया। पुलिस ने आरोपित जीजा भिलाई निवासी हेमलाल सेन (35) को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना से युवती के स्वजन ही नहीं, पूरा गांव सदमे में है।

शादी घर में छाया मातम, पुलिस ने आरोपित जीजा को किया गिरफ्तार

घटना शनिवार सुबह करीब पांच बजे की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक कोपेडीह निवासी रवि सेन की दो बेटियों 25 वर्षीय मनीषा और 23 वर्षीय मोनिका की शादी हो रही थी। पूरा परिवार शादी की तैयारी के बीच खुशियों में डूबा हुआ था। रविवार को दोनों की बारात आने वाली थी। घरवाले इसकी तैयारी में लगे हुए थे। बताया जा रहा है कि शनिवार को तेल मायन का कार्यक्रम था। सुबह से ही परिवार के लोग इसमें जुटे हुए थे।

इसी दौरान हेमलाल ने मनीषा के ऊपर पानी डालने की बात कहते हुए मिट्टी का तेल (कैरोसिन) उड़ेल दिया। उसकी दुर्गंध से मनीषा घबरा गई। इसके पहले कि परिवार के लोग कुछ समझ पाते, हेमलाल ने मनीषा को आग लगा दी और भाग गया। इससे मनीषा बुरी तरह झुलस गई। हड़बड़ाए स्वजन उसे लेकर राजनांदगांव मेडिकल अस्पताल पहुंचे, जहां इलाज के दौरान मनीषा की मौत हो गई।

बुरी नीयत रखता था

पुलिस ने मनीषा के स्वजनों के अलावा कुछ ग्रामीणों का भी बयान लिया। इसमें जो बात सामने आई उसके मुताबिक आरोपित हेमलाल मनीषा पर बुरी नीयत रखता था। कई बार शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव भी बना चुका था। मनीषा ने इस बात की जानकारी स्वजनों को भी दी थी। इससे नाराज हेमलाल ने शनिवार को इस अपराध को अंजाम दे दिया।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम