Site icon Yashbharat.com

सारा मिराज खान को मिला बेस्ट क्रिएटिव पुरस्कार, 9 साल से कर रहीं मेहनत

रायपुर। Achievement: आदिवासी कला भित्ति चित्र को कपड़े में उकेरकर फैशन डिजाइनर के क्षेत्र में अपनी विशेष पहचान बनाने वाली छत्तीसगढ़ की फैशन डिजाइनर सारा मिराज खान ने दिल्ली में वर्ष 2020 का बेस्ट क्रिएटिव पुरस्कार हासिल किया है। इससे पहले भी मुंबई में फैशन के क्षेत्र में कई आयोजन में उनके द्वारा डिजाइन किए गए कपड़ों को काफी पसंद किया गया है।

छत्तीसगढ़ रायपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में कलाकार सारा मिराज खान छात्र- छात्राओं को निश्शुल्क आदिवासी कला को कपड़ों में उकेरने के गुण सिखा रही हैं। साथ ही आनलाइन फैशन क्लास भी ले रहीं हैं।

9 सालों बाद मिली कामयाबी

पिछले 9 साल से वे दिल्ली, मुंबई जैसे शहरों में छत्तीसगढ़ की कला को फैशन डिजाइनर के रूप में अपनाकर पहचान बनाने में जुटीं हैं। कई आयोजन में शिरकत करने के बाद अब कहीं जाकर छत्तीसगढ़ की भित्ति चित्र कला के क्षेत्र में बेस्ट क्रिएटिव का पुरस्कार मिला है।

 

विश्व स्तर पर पहचान दिलाने उद्देश्य

उन्होंने बताया कि आदिवासी कला को दीवारों, मूर्तियों, बर्तनों में अंकित किया जाता है। इस कला को विश्वव्यापी पहचान दिलाना ही मेरा उद्देश्य है। इस कला को कपड़ों में उकेरकर जब फैशन प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने पहना तो निर्णायकों ने सराहा। अब बेस्ट क्रिएटिव अवार्ड मिलने से आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिली है। इस कला को विश्व स्तरीय प्रतियोगिता में लेकर जाना है ताकि छत्तीसगढ़ की इस कला के प्रति देशभर के कलाकार आकर्षित हों।

 

सदियों पुरानी कला

 

सारा मिराज बतातीं हैं कि उन्होंने पेंटिंग से अपने कैरियर की शुरुआत की थी। बाद में भित्ति चित्र की ओर झुकाव हुआ। यह कला सदियों पुरानी है, बस इसे वर्तमान फैशन के अनुसार ढालने की जरूरत है। उम्मीद है भविष्य में इस कला को नया मुकाम हासिल होगा।

Exit mobile version