साध्वी प्रज्ञा ठाकुर का यू-टर्न, कहा- दिग्विजय सिंह को …
न्यूज डेस्क। शुक्रवार को संघ कार्यालय समिधा में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों के साथ बैठक के बाद बाहर निकलीं साध्वी प्रज्ञा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्होंने कभी भी दिग्विजय सिंह को आतंकी नहीं कहा.
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में दिग्विजय सिंह को आतंकी कहने वाले बयान पर साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने अपना यू-टर्न ले लिया है. शुक्रवार को संघ कार्यालय समिधा में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों के साथ बैठक के बाद बाहर निकलीं साध्वी प्रज्ञा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्होंने कभी भी दिग्विजय सिंह को आतंकी नहीं कहा.
ऐसे में ये माना जा रहा है कि साध्वी प्रज्ञा ठाकुर का ये यू-टर्न संघ और संगठन की नसीहत का नतीजा है. आपको बता दें कि बीते गुरुवार को ही सीहोर जिले में एक सभा को संबोधित करते हुए साध्वी प्रज्ञा ने दिग्विजय सिंह के लिए ‘आतंकी’ शब्द का इस्तेमाल किया था. चुनाव आयोग ने भी इस मामले पर संज्ञान लिया है.
आपको बता दें कि अपने चुनाव अभियान के दौरान साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने कांग्रेस नेता और प्रत्याशी दिग्विजय सिंह का नाम लिए बिना जमकर निशाना साधा. साथ ही प्रज्ञा ठाकुर ने कहा था कि ‘ऐसे आतंकी का समापन कीजिए.’
प्रज्ञा ठाकुर इससे पहले महाराष्ट्र ATS प्रमुख हेमंत करकरे की शहादत और बाबरी मस्जिद विध्वंस पर भी आपत्तिजनक टिप्पणी कर विवाद में फंस चुकी हैं. बाबरी मस्जिद मामले में उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई है.








