इंदौर। भारतीय जनता पार्टी के नेता एवं सांसद शंकर लालवानी कानूनी कार्रवाई की जद में आ गए। आचार संहिता लागू होने के बावजूद सांसद शंकर लालवानी अपनी कार में हूटर लगाकर घूम रहे थे।
नंबर प्लेट की जगह सांसद लिखा हुआ था। पुलिस ने कार्रवाई शुरू की तो सांसद महोदय कार को ड्राइवर के हवाले छोड़ चुपके से एक कार्यकर्ता की बाइक पर सवार होकर निकल गए।
यह घटना सोमवार को खंडवा शहर के केवलराम चौराहे पर हुई। यहां इंदौर सांसद शंकर लालवानी कार से आए हुए थे। कार चौराहे के पास खड़ी थी। इसमें नंबर प्लेट पर सांसद लिखा हुआ था। इसके साथ ही कार के उपर हूटर लगे हुए थे। यह देखकर यातायात पुलिस ने पहले को कार के व्हील में लाॅक लगा दिया।
इसके बाद जब सांसद लालवानी कार में सवार होकर जाने लगे तो सूबेदार देवेंद्र सिंह परिहार ने उनके ड्रायवर को रोकते हुए आचार संहिता के उल्लंघन की जानकारी दी।
इसके बाद उन्होंने हूटर और नेम प्लेट लगाने पर कार का चालान काट दिया। कानूनी प्रक्रिया शुरू हुई तो भीड़ लग गई। सांसद शंकर लालवानी एक भाजपा कार्यकर्ता की बाइक पर सवार होकर मौके से चले गए।

