सरकारी लाइब्रेरी का तुगलकी फरमान- छोटे कपड़े पहनकर आए तो नहीं मिलेगी एंट्री
अहमदाबाद। गुजरात में एक सरकारी लाइब्रेरी की ओर से अजीबोगरीब फरमान जारी करने का मामला सामने आया है। अहमदाबाद नगर निगम द्वारा संचालित एमजे लाइब्रेरी में छोटे कपड़े पहन कर आने वालों को परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसको लेकर लाइब्रेरी के प्रवेश द्वार पर नोटिस चस्पा किया गया है। लाइब्रेरी में परीक्षा की तैयारी करने के लिए बड़ी संख्या में छात्रों के आने के अलावा अन्य लोग भी आते हैं। इसके अलावा एक और नोटिस लगाया गया है, जिसमें बिना किसी उद्देश्य के वाचमैन के काउंटर पर खड़े न होने की हिदायत दी गई है। देश के कई कॉलेजों और यूनिवर्सिटी द्वारा ड्रेस को लेकर फरमान जारी करने के मामले आते रहते हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, निगम संचालित एमजे लाइब्रेरी द्वारा ड्रेस को लेकर हाल में ही नोटिस जारी किया गया है। इसमें लिखा गया है, ‘एमजे लाइब्रेरी आने वाले सभी पाठक ध्यान दें कि छोटे कपड़े पहन कर आने पर उन्हें लाइब्रेरी में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।’ हालांकि, अचानक से इस तरह का आदेश जारी करने के बारे में नोटिस में जानकारी नहीं दी गई है। इस पर न तो किसी अधिकारी का नाम है और न ही इस पर आधिकारिक मुहर ही है। प्रवेश द्वार पर इसके अलावा एक और नोटिस चस्पा किया गया है। इसके अनुसार, यह आदेश लाइब्रेरियन के आदेश से जारी किया गया है। एमजे लाइब्रेरी के लाइब्रेरियन बिपिन मोदी की ओर से भी इसकी पुष्टि नहीं की गई है।

