सड़क किनारे दवा खा रहे बुजुर्ग को निगम की कचरा गाड़ी ने कुचल दिया
जबलपुर। कचरा परिवहन में लगे डंपर की टक्कर से नगर निगम कर्मी के पिता की मौत हो गई। घटना मदन महल थानांतर्गत गेट नंबर 4 के समीप सोमवार सुबह 11.15 बजे की है। हादसे में मृत वृद्ध सड़क किनारे खड़े होकर दवाई खा रहे थे।
पुलिस के मुताबिक कुम्हार मोहल्ला गुप्तेश्वर निवासी वीरेन्द्र कुमार मोदी (82) सोमवार सुबह निजी कार्य से एक्टिवा पर सवार होकर कहीं जा रहे थे। वे गेट नंबर चार के पास पहुंचे थे तभी सांस संबंधी तकलीफ हुई और वहीं रुककर दवा का सेवन करने लगे। इसी बीच नगर निगम का कचरा वाहन डंपर क्रमांक एमपी 20 जी 6946 वहां से गुजर रहा था। चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए बुजुर्ग को पिछले चक्के से टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही बुजुर्ग मौके पर ही गिर पड़े। हादसे को अंजाम देकर भागे डंपर चालक को प्रत्यक्षदर्शियों ने पकड़ने की कोशिश की। वह वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
आनन-फानन में बुजुर्ग को विक्टोरिया हॉस्पिटल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि मृतक का बेटा धीरेन्द्र मोदी नगर निगम के जोन क्रमांक 1 में नोटिस सर्वर के पद पर कार्यरत है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर डंपर को जब्त कर लिया है।

