भोपाल। भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और सदस्यता अभियान के प्रमुख शिवराज सिंह चौहान ने देश में सदस्यता अभियान का रोडमैप तैयार कर लिया। पहले चरण में सभी प्रदेशों में प्रदेश सदस्यता प्रभारियों की नियुक्ति की जा रही है। इसके बाद 17 जून को इनकी बैठक दिल्ली में बुलाई है, जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह भी मौजूद रहेंगे। 24 जून को सभी प्रदेशों में प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी।
शुक्रवार को नई दिल्ली में मीडिया के साथ बातचीत में चौहान ने कहा कि जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जन्म दिवस पर 6 जुलाई से अभियान शुरू होगा जो 20 अगस्त तक चलेगा। उन्होंने कहा कि संगठन के विस्तार का मूल मंत्र सदस्यता है। जिस प्रकार मोदी जी की सरकार का मूल है- सबका साथ सबका विकास” ठीक वैसे ही संगठन का मूल है-सर्वव्यापी भाजपा सर्वस्पर्शी भाजपा”। सदस्यता अभियान में सारे बूथ पर फोकस किया जाएगा। वर्तमान में पार्टी के 11 करोड़ सदस्य हैं।

