#MP Vidhansabha ElectionsFEATURED

शिवराज को भी मिलने का समय नहीं दिया ताई ने, सत्यनारायण की कथा में हुईं शामिल

इंदौर। लोकसभा स्पीकर और सांसद सुमित्रा महाजन ने शुक्रवार को अपना जन्मदिन सादगी से मनाया। सुबह से ही वे गुरु व देव दर्शन के लिए चली गईं। इसके चलते मनीषपुरी स्थित उनके निवास पर जन्मदिन की शुभकामनाएं देने पहुंचे पार्टीजन और समर्थकों को निराशा हाथ लगी। उनकी अनुपस्थिति में उनके बेटे मंदार लोगों से मिले और शुभकामनाएं स्वीकारीं। ताई ने तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान को भी मिलने का समय नहीं दिया। हालांकि दोपहर में वे पंढरीनाथ पर हुई सत्यनारायण की कथा में शामिल हुईं। भाजपा महिला मोर्चा द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में ताई ने केक काटकर कार्यकर्ताओं के बीच अपना जन्मदिन मनाया।

मनीषपुरी स्थित ताई के निवास पर सुबह से ही कार्यकर्ताओं और समर्थकों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। ताई ने सुबह ही बता दिया था कि वे देवदर्शन करने जा रही हैं। एमआईसी सदस्य सुधीर देड़गे ने बताया कि शाम के वक्त बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता अहिल्या प्रतिमा राजवाड़ा पर एकत्रित हुए और दीप प्रज्जवलित किए। बाद में राजवाड़ा पर आमजन को पक्षियों को पानी देने के लिए मिटटी के सकोरे वितरित किए गए। सांसद प्रतिनिधि राजेश अग्रवाल ने बताया कि तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान शुक्रवार शाम ताई से मिलने आने वाले थे। उन्होंने मिलने का समय मांगा था लेकिन ताई ने उनसे कहा कि वे आज देवदर्शन और अन्य कार्यक्रमों में व्यस्त होने से नहीं मिल पाएंगी। ताई शनिवार को दिल्ली रवाना हो सकती हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर ताई को जन्मदिन की शुभकामना दी। इसमें मोदी ने कहा है कि ताई ने भारत के विकास और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मैं उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।

Leave a Reply

Back to top button