शाह मॉडल : भाजपा के 838 मंडलों में मैराथन बैठकें

भोपाल। मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारी के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के मॉडल पर काम किया जा रहा है। पार्टी की यह मैदानी तैयारी भले ही नजर नहीं आ रही हो, लेकिन मंडल से लेकर बूथ स्तर तक मैराथन बैठकें चल रही हैं।

प्रदेश संगठन के 838 मंडलों में प्रदेश कार्यसमिति से लेकर पूर्व जिलाध्यक्ष और संगठन क्षमता वाले नेताओं की डयूटी लगाई गई है जो नगर, ग्राम सहित बूथ कमेटी की बैठकें लेकर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दे रहे हैं। 15 जून तक पार्टी का यह कार्यक्रम पूरा कर लिया जाएगा। चुनावी तैयारियों के लिहाज से देखा जाए तो विपक्षी दलों से सत्ताधारी दल आगे चल रहा है।

प्रदेश में चौथी बार सरकार बनाने में जुटी भारतीय जनता पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कमर कसकर तैयारियों में जुटी हुई है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के मॉडल पर संगठन काम कर रहा है। मैदानी स्तर पर कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों के लिए सक्रिय करने के लिए एक बार फिर दिग्गज नेता मंडल यानी विकासखंड मुख्यालय में पहुंच गए हैं।

230 विधानसभा क्षेत्र के 65 हजार से ज्यादा बूथ पर ये नेता 13 लाख से ज्यादा कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों का प्रशिक्षण दे रहे हैं। प्रदेश भाजपा के संगठन महामंत्री सुहास भगत कहते हैं कि हमारी सभी बूथ कमेटियों का वाट्सएप ग्रुप तैयार किया जा रहा है। 15 जून तक इस प्रशिक्षण के बाद सभी के साथ संगठन नियमित रूप से संवाद करता रहेगा।

सोशल मीडिया का प्रशिक्षण

भाजपा ने संभाग स्तर पर कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया का प्रशिक्षण देने का भी काम शुरू किया है। फिलहाल पार्टी ने इंदौर संभाग में एक ट्रेनिंग कैंप किया है। इसमें कार्यकर्ताओं से कहा गया है कि वे ज्यादा से ज्यादा फेसबुक अकाउंट बनाएं। टि्वटर सहित वाट्सएप ग्रुप पर सक्रिय रहें। कार्यकर्ताओं से कहा गया कि जहां भी पार्टी या सरकार के खिलाफ कोई टिप्पणी आए, उसका ज्यादा से ज्यादा लोग जवाब दें।

Exit mobile version