शराब देने से मना करने पर दुकान में ट्रक चढ़ाने का आरोप

कटनी। कृषि उपज मंडी रोड स्थित देशी शराब दुकान में देररात ट्रक घुसने की घटना प्रकाश में आई है। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है केवल शराब की दुकान की शटर क्षतिग्रस्त हुई।

मामले को लेकर शराब दुकान के ठेकेदार ने शराब देने से मना करने पर दुकान में जबरन ट्रक घुसेड़ने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस संबंध में हासिल जानकारी के मुताबिक कृषि उपज मंडी रोड पर स्थित देशी शराब दुकान में देररात दो बजे के लगभग ट्रक क्रमांक एम.पी.19एचए-1592 घुस गया।

उस समय दुकान के अंदर तीन कर्मचारी भी सो रहे थे। ट्रक की ठोकर से केवल शराब दुकान की शटर को थोड़ा बहुत नुकसान हुआ है जबकि उसके अंदर सो रहे कर्मचारी व अंदर रखी शराब सुरक्षित है। उधर शराब दुकान के ठेकेदार ने देररात शराब देने से मना करने पर दुकान के अंदर जबरन ट्रक घुसेड़ने का आरोप लगाया है और इस संबंध में पुलिस से भी शिकायत की है। पुलिस ने ठेकेदार की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version