वाटर टूरिज्म का प्रमोशन: बरगी से मंडला नर्मदा पर चलेगी क्रूज

जबलपुर। वाटर टूरिज्म का प्रमोशन करने पर्यटन विभाग लांग जर्नी ट्रैवल शुरू करने जा रहा है। करीब एक साल बाद बरगी से मंडला तक वाटर सफारी शुरू हो जाएगी। इसमें पर्यटक क्रूज से 6 घंटे में 100 किमी का सफर कर सकेंगे। हालांकि क्रूज का सफर पहले भी शुरू हुआ था, लेकिन टूरिस्ट को रास नहीं आया।

 

 

अब दोबारा इस पर काम हो रहा है। सफर को रोमांचक बनाने के लिए 6 घंटे के सफर में चार स्टॉपेज तय हुए हैं। यहां टूरिस्ट के लिए घूमने-फिरने, खाने का सारा इंतजाम होगा। इसके लिए 4.5 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।

क्रूज से पहुंचो पायली, चिरई डोंगरी

मप्र पर्यटन विकास निगम के इको सर्किट प्लान में बरगी डैम से क्रूज चलाया जाएगा। इसमें बरगी-मंडला के बीच चार स्टॉपेज रहेंगे। टूरिस्ट को सबसे पहले क्रूज से बरगी से पायली ले जाया जाएगा। यहां टापू पर बने गेस्ट हाउस में ठहरने के बाद पर्यटक बीजाडांडी, चिरई डोंगरी और जिलेहरी घाट मंडला तक पहुंचेंगे। पर्यटन विभाग पायली और चिरई डोंगरी में पर्यटकों के लिए बोट से उतरने-चढ़ने के लिए जेटी (प्लेटफार्म) बैठक व्यवस्था होगी। इसके अलावा इन स्थानों में खाने-पीने और मनोरंजन के इंतजाम भी होंगे।

बरगी का बदल जाएगा नजारा

बरगी वाटर बॉडी में वाटर एडवेंचर जैसा माहौल बनाने के लिए कई तरह के काम होंगे। यहां वाटर स्पोर्ट्स कैंपस, टूरिस्ट इन्फॉरमेंशन सेंटर, विजिटिंग प्लाजा, पार्किंग और वाटर स्पोर्ट्स एक्टिविटी सेंटर बनाया जाएगा। इसके लिए टेंडर हो चुका है। मप्र पर्यटन विभाग के दिलीप श्रीवास्तव ने बताया कि करीब सालभर में निर्माण पूरा हो जाएगा।

 

फैमली पार्टी, पिकनिक पर फोकस

टूरिस्ट के लिए मंडला का क्रूज से सफर इस बार थोड़ा अलग रहेगा। रूटीन में मंडला तक की सफारी नहीं होगी, लेकिन फैमिली पार्टी, पिकनिक या मीटिंग जैसे ईवेंट में टूरिस्ट इस सफारी को पसंद कर सकते हैं। क्रूज में एक बार में 30 व्यक्ति मंडला तक सफर कर सकेंगे। इसमें प्रति व्यक्ति का किराया करीब 3800 रुपए होगा।

Exit mobile version