रिश्वत के बंटवारे को लेकर सिपाही का SP को किया WhatsApp मैसेज हुआ वायरल, देखें क्या लिखा था
गुना। रिश्वत के बंटवारे को लेकर जिले के फतेहगढ़ थाने में पदस्थ सिपाही कमलेश कुमार का दर्द सोशल मीडिया पर छलका है। सिपाही ने शराब के नशे में एक मैसेज लिखकर पुलिस के कुछ व्हाट्सएप ग्रुपों पर डाल दिया। इसने एसपी के नाम लिखा कि,” श्रीमान् एसपी महोदय, कोई विवेचक अगर 50 हजार रुपए कमाता है, जिसकी सारी कार्रवाई कम्प्यूटर ऑपरेटर करे और ऑपरेटर को उसमें एक भी रुपए न दिया जाए, तो उसे कैसा लगेगा? जिले के पुलिस थानों में ऐसा ही किया जा रहा है।
इस मैसेज को कैंट थाने में पदस्थ आरक्षक महेंद्र परस्ते ने गुना पुलिस के ग्रुप में फॉरवर्ड कर दिया। इसमें एसपी समेत जिले के सभी पुलिस अधिकारी और कर्मचारी जुड़े हुए हैं। एसपी राहुल कुमार लोढ़ा ने इन दोनों सिपाहियों को सस्पेंड कर दिया है। साथ ही, ग्रुप को भी डिलीट करा दिया।
सिपाही कमलेश कुमार फतेहगढ़ थाने में बतौर आरक्षक पदस्थ था। बताया जाता है कि कमलेश ने यह मैसेज करीब दो-तीन दिन पहले डाला था। इसमें उसने लिखा कि श्रीमान् एसपी महोदय मैं सी/174 कमलेश कुमार एक ही निवेदन करता हूं, यदि कोई विवेचक एक अपराध में 50 हजार रुपए कमाता है, जिसकी पूरी कार्रवाई यदि एक कम्प्यूटर ऑपरेटर के मध्य से की जाए और उसे एक रुपए न मिले, तो उसे कैसा लगेगा। यही स्थिति सभी थाने की है। सिपाही ने यहां तक लिखा कि यही कारण है, जो गुना पीछे है। श्रीमान् जी हम कम्प्यूटर ऑपरेटर पर इतना भार सौंप दिया है, कभी विवेचकों से भी कहो कि अपना काम स्वयं करें। सिपाही ने यहां तक लिखा कि यदि बुरा लगे तो मुझे तत्काल नौकरी से निकाल देना चाहिए।

