Thursday, May 14, 2026
Latest:
Latest

राहुल का RSS पर निशाना कहा-महात्मा गांधी की तरह संघ प्रमुख के साथ क्यों नहीं दिखतीं महिलाएं

वेब डेस्क: उत्तरी पूर्वी राज्यों त्रिपुरा, मेघालय और नगालैंड में अगले माह होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस ने कमर कस ली है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी चुनाव प्रचार में जुट गए हैं। उन्होंने शिलांग में एक कार्यक्रम के दौरान भाजपा और आरएसएस पर जमकर निशाना साधा। राहुल ने  कहा कि हम लोग पूरे देश में आरएसएस के विचारधारा के खिलाफ लड़ रहे हैं। भाजपा और RSS पूरे देश में क्या कर रही हैं? अकेले उत्तर भारत में ही भाषा, संस्कृति और जीवन स्तर को नष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है।

भागवत के साथ दिखते हैं केवल पुरुष
कांग्रेस अध्यक्ष ने तंज कसते हुए कहा कि RSS की विचारधारा में महिलाओं के लिए कोई जगह नहीं है। क्या कोई जानता है कि कोई महिला RSS से संबंधित हो और नेतृत्व कर रही हो। ऐसा कहीं भी नहीं है। उन्होंने महात्मा गांधी का उदाहरण देते हुए कहा कि अगर आप उनकी तस्वीर देखेंगे तो उनके दाएं और बाएं महिलाएं दिखेंगी लेकिन अगर आप मोहन भागवत की तस्वीर देखेंगे तो आपको वो अकेले दिखाई देंगे और उनके चारो तरफ केवल पुरुष होंगे।

मोदी गरीबों से रखते हैं दूरी
कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर ‘‘सूट-बूट की सरकार’’ का तंज कसते हुए आरोप लगाया कि वह हमेशा सूट पहने लोगों के साथ होते हैं और वह गरीबों से दूर रहते हैं। उन्होंने कहा कि आप कभी नहीं देखेंगे कि प्रधानमंत्री किसी गरीब आदमी को गले लगा रहे हों या किसी गरीब आदमी से बातचीत कर रहे हों। वह गरीबों के साथ एक खास दूरी बनाए रखते हैं जबकि ओबामा या अन्य लोगों के साथ वह ऐसी दूरी नहीं रखते।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply