CoronaLatest

रायपुर के तीन स्कूलों में एक साथ फूटा कोरोना बम, प्रधान पाठिका समेत आठ पॉजिटिव

रायपुर। Coroana Pandemic: स्कूलों में कोरोना की गाइडलाइन का पालन नहीं होने के कारण बच्चों का जीवन खतरे में पड़ गया है। रायपुर के तीन स्कूलों में एक साथ कोरोना वायरस का बम फूटा है। इनमें प्रधान पाठिका समेत आठ शिक्षक कोरोना वायरस से संक्रमित मिले हैं। रायपुर में दो बच्चे कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं, स्कूलों में कोरोना संक्रमित शिक्षक और बच्चों के मिलने की सूचना के बाद हड़कंप मचा हुआ है।

शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल सरोना में पांच शिक्षक, शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल अम्लीडीह में दो शिक्षक और शासकीय ठाकुर प्यारेलाल हिंदू हाई स्कूल में प्रधान पाठिका संक्रमित हो गई हैं। ऐसे में अभिभावकों का कहना है कि कोरोना के वैक्सीनेशन को ध्यान में रखते हुए फिलहाल स्कूल के बजाय बच्चों को घर में ही दो महीने की पढ़ाई पूरी कराई जाए।

इन तीनों स्कूलों में तीन दिन तक छुट्टी

जिला शिक्षा अधिकारी ने इन तीनों स्कूलों में तीन दिन के लिए छुट्टी घोषित कर दी है और कोरोनावायरस संक्रमण के गाइडलाइन का गंभीरता से पालन करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि कोरोना प्रोटोकाल के एहतियात के तहत विद्यालय तीन दिनों के लिए बंद कर दिया गया।

16 फरवरी से स्कूल खुलने के बाद भी अभी तक स्कूलों को सैनिटाइज नहीं किया जा सका है। वहीं, स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि प्रदेश के कुछ हिस्सों में शिक्षक, उनके स्वजनों और कुछ छात्रों के कोरोना पीड़ित होने की जानकारी प्राप्त हुई है।

सर्दी-खांसी और बुखार तो नो एंट्री

ऐसे छात्रों और शिक्षकों को जो सर्दी, खांसी और बुखार आदि से पीड़ित हैं, उन्हें स्कूल में प्रवेश न दिया जाए। यह आदेश शुरू में ही निकाला गया था, लेकिन इन नियमों का गंभीरता से पालन नहीं किया जा रहा है।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम