Tuesday, May 26, 2026
Latest:
jabalpur

युवा पुलिस अधिकारी अनुराग पंचेश्वर के निधन से शोक की लहर

जबलपुर, मुनप्र। वर्तमान में उखरी चौकी में बतौर चौकी प्रभारी पदस्थ अनुराग पंचेश्वर का बीमारी के चलते आज एक निजी चिकित्सालय में निधन हो गया। युवा पुलिस सब इंस्पेक्टर अनुराग के निधन की खबर लगते ही मोहकमे में शोक का वातावरण निर्मित हो गया और पुलिस के अधिकारी कर्मचारी भी अस्पताल में जमा हो गए थे।

जानकारी के अनुसार अनुराग पंचेश्वर को 12 नवम्बर को तबियत बिगड़ने के कारण जबलपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें मलेरिया की शिकायत बतायी गयी थी। चिकित्सकों का कहना है कि संभवतः मलेरिया बिगड़ने के कारण उनकी मृत्यु हो गयी। \

अनुराग पंचेश्वर पूरे पुलिस मोहकमे और मीडिया जगत में साहसी युवा पुलिस अधिकारी के रूप में जाने जाते थे ओर जब पूर्व पुलिस अधीक्षक एमएस सिकरवार ने कोडरैड टीम का गठन किया था तो उसकी कमान भी अनुराग को ही सौंपी गयी थी और उनके नेतृत्व में कोडरैड टीम ने सार्थक परिणाम भी दिये जिसके चलते उनकी एक अलग पहचान पुलिस मोहकमे में बन गयी थी। मूलतः बालाघाट के रहने वाले श्री पंचेश्वर के पिता भी पुलिस में ही संजीवनी नगर थाना में बतौर एसआई पदस्थ रहे हैं और हाल ही में स्थानांतरण सिवनी जिले के डूंडा सिवनी थाने में बतौर थाना प्रभारी किया गया है।

अनुराग की बीमारी की खबर मिलते ही परिजन भी जबलपुर पहुंच गए थे।
मिलनसार अनुराग की उम्र अभी बमुश्किल 30-32 वर्ष ही थी और उनकी कुछ समय पूर्व ही शादी भी हुई थी तथा वर्तमान में उनकी पत्नी गर्भवती है। अस्पताल में एएसपी जीपी पाराशर, एएसपी संजय साहू, सीएसपी अखिल वर्मा, डीएसपी ट्राफिक मनोज क्षत्रीय, कोतवाली थाना प्रभारी आर के मालवीय, लाइन प्रभारी दिलीप सिंह परिहार आदि भी पहुंच गए थे। जिस किसी ने भी अनुराग के निधन की खबर सुनी उसकी आंखों के सामने एक जोशीले युवा पुलिस अधिकारी का चेहरा सामने आ गया और किसी को सहसा विश्वास ही नहीं हुआ कि अनुराग अब इस दुनिया में नहीं रहे। उनके पार्थिव शरीर को बालाघाट ले जाने की तैयारियां की जा रही हैं जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। सुबह सुबह आयी इस दुखद खबर ने पूरे पुलिस मोहकमे में शोक व्याप्त कर दिया।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply