दरभंगा। दरभंगा में गुरुवार देर रात दो दर्जन से अधिक अज्ञात लोगों ने भाजपा कार्यकर्ता के भादवा चौक स्थित घर पर हमला कर दिया जिसमें भाजपा कार्यकर्ता कमलेश यादव के पिता रामचन्द्र यादव की मौत हो गई.
दरभंगा में बिहार उपचुनाव के परिणाम का साइट इफेक्ट देखने को मिल रहा है. दो साल पहले रखे चौक का नाम मोदी चौक का नाम हटाकर लालू चौक रखने को लेकर भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता और राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकर्ताओ के बीच विवाद इतना बढ़ा की गुरुवार रात 24 के करीब हमलावरों ने बीजेपी कार्यकर्ता के घर पर हमला कर दिया. इस हमले में बीजेपी कार्यकर्ता के पिता की मौत हो गई.
सदर थाना क्षेत्र के भादवा चौक स्थित गुरुवार देर रात दो दर्जन से अधिक अज्ञात लोगों ने भाजपा कार्यकर्ता के भादवा चौक स्थित घर पर हमला कर दिया. इस हमले में भाजपा कार्यकर्ता कमलेश यादव के पिता रामचंद्र यादव को हमलावरों ने धारदार हथियार से हत्या कर दी. वहीं खुद कमलेश यादव बुरी तरह जख्मी हैं जिनका इलाज दरभंगा के अस्पताल डीएमसीएच में चल रहा है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच में भेज दिया है.
बताया जाता है कि चौक के नाम पर दो साल से विवाद चल रहा है. कमलेश यादव ने दो साल पहले ही चौक का नाम नरेंद्र मोदी चौक रख दिया था. कई लोग इसका विरोध कर रहे थे लेकिन विरोध के वावजूद भी कमलेश नाम बदलने को तैयार नहीं था. हाल में हुये उपचुनाव के बाद कुछ युवक गुरुवार शाम आये और भाजपा कार्यकर्ता कमलेश से इस चौक का नाम लालू चौक रखने को लेकर विवाद हो गया. स्थानीय लोगों ने बीचबचाव कर मामले को शांत कर दिया लेकिन बीती देर रात दो दर्जन मोटरसाइकिल सवार युवकों ने बीजेपी कार्यकर्ता के घर पर हमला कर दिया. युवकों के पास धारदार हथियार और लाठी डंडे थे. इस हमले में कमलेश यादव के पिता की मौत हो गई. वही भाजपा कार्यकर्ता को गंभीर स्थिति में अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
बीजेपी कार्यकर्ता कमलेश यादव ने बताया कि दो साल से चौक के नाम को लेकर विवाद चल रहा था लेकिन गुरुवार शाम कुछ युवक आये और चौक का नाम लालू चौक रखने को कहा लेकिन हमने मना कर दिया जिसके बाद रात में दो दर्जन मोटरसाइकिल सवार युवक आये घर पर और मेरे पूरे परिवार पर हमला कर दिया. इस हमले में मेरे पिता की मौत हो गई जबकि मैं घायल हो गया हूं.
जैसे ही ये खबर दरभंगा में फैली बीजेपी कार्यकर्ता आक्रोशित होकर दरभंगा से लहेरियासराय जाने वाले मुख्य सड़क को कर्पूरी चौक को जाम कर नारेबाजी करने लगे. बीजेपी कार्यकर्ताओं ने हमलावरों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है. वही मौके पर पहुंचे सदर एसडीओ गजेंद्र सिंह के साथ एएसपी दिलनवाज अहमद भाजपा कार्यकर्ता को जल्द हमलावरों की गिरफ्तारी का आश्वासन देकर जाम हटाने की कोशिश कर रहे हैं.

