Thursday, April 30, 2026
Latest:
FEATUREDLatestअजब गजबदिल्‍लीबिहार

मैं बस से नहीं ट्रेन से ही सफर करुंगी, युवती की जिद के चलते 535 किलोमीटर चली राजधानी एक्‍सप्रेस, देश का अनूठा मामला

डाल्टनगंज। सिर्फ एक युवती की जिद के चलते राजधानी एक्सप्रेस 535 किलोमीटर चली। यह सफर उस युवती के रूप में केवल एक ही यात्री को लेकर पूरा किया गया। राजधानी एक्सप्रेस को डाल्टनगंज से सीधे रांची आना था। डाल्टनगंज से ट्रेन के जरिए रांची की दूरी 308 किलोमीटर है। लेकिन युवती ने राजधानी से ही रांची जाने की जिद की तो ट्रेन को गया ले जाकर गोमो व बोकारो होकर रांची लाना पड़ा। डाल्टनगंज से गया 217 किलोमीटर व गया से बोकारो 202 किलोमीटर और बोकारो से रांची 116 किलोमीटर यानि कुल 535 किलोमीटर का सफर राजधानी ने एक युवती को लेकर किया। युवती ने बस से सफर करने से इंकार कर दिया। उसने अधिकारियों से साफ कहा कि वो बस से सफर नहीं करेगी। युवती ने कहा कि वो ट्रेन से ही रांची जाएगी क्योंकि, उसने दिल्ली से रांची तक का ट्रेन का टिकट लिया है। युवती का कहना था कि अगर उसे बस से सफर करना होता तो वो दिल्ली से ही बस पर सफर करती। युवती जिद पर अड़ी थी कि उसने राजधानी एक्सप्रेस का टिकट लिया है तो वो इसी से रांची जाएगी। युवती ने रेलवे के अधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों से कहा कि उसे बस का सफर अच्छा नहीं लगता। उसका ये भी कहना था कि जिन बसों का इंतजाम किया गया है। वह ठीक नहीं है। आखिरकार एक युवती की जिद के आगे रेलवे बोर्ड को झुकना पड़ा। पहले रेलवे बोर्ड ने टोरी में टाना भगत के रेल ट्रैक जाम किए जाने के बाद राजधानी को डाल्टनगंज में ही खड़ा करने का फैसला लिया था मगर, जब इस पर सवार एक युवती ने ट्रेन से ही रांची भेजने की जिद की तो रेलवे बोर्ड को झुकना पड़ा और फिर राजधानी एक्सप्रेस को शाम तकरीबन चार बजे डाल्टनगंज से वापस गया ले जाकर गोमो और बोकारो होते हुए रांची ले जाना पड़ा। दिल्ली से रांची के लिए सवार युवती राजधानी से ही सुबह रांची पहुंचेगी।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम