मुख्यमंत्री के नाम का फर्जी लेटरपैड बनाकर ट्रांसफर का खेल, आरोपी सीहोर से गिरफ्तार; डॉक्टर व ड्राइवर भी रडार पर

मुख्यमंत्री के नाम का फर्जी लेटरपैड बनाकर ट्रांसफर का खेल, आरोपी सीहोर से गिरफ्तार; डॉक्टर व ड्राइवर भी रडार पर
ब्यूरो रिपोर्ट (आलीराजपुर / यश भारत): मध्य प्रदेश के आलीराजपुर जिले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम का फर्जी पत्र तैयार कर तबादला कराने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने फर्जी पत्र तैयार कर वॉट्सऐप के जरिए भेजने वाले आरोपी को सीहोर से गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आयुष चिकित्सा अधिकारी और उनके वाहन चालक की भूमिका भी संदिग्ध मानी जा रही है, जिनकी जांच जारी है।
कैसे हुआ फर्जीवाड़े का खुलासा?
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. राजेश अतुलकर के मोबाइल पर वॉट्सऐप के जरिए एक फर्जी पत्र भेजा गया। इसमें मुख्यमंत्री के फर्जी लेटरपैड और तस्वीर का प्रयोग किया गया था।पत्र में आलीराजपुर में पदस्थ आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. निर्मला निगवाल का स्थानांतरण उदयगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से सोंडवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करने का निर्देश दर्शाया गया था।पत्र पर संदेह होने पर सीएमएचओ ने पुलिस अधीक्षक रघुवंश कुमार सिंह से लिखित शिकायत दर्ज कराई।
अधिकारी व ड्राइवर की भूमिका की जांच तेज
मामले की जांच कर रहीं पुलिस निरीक्षक सोनू सितोले ने बताया कि पैसों के लेन-देन की पुष्टि होने के बाद आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. निर्मला निगवाल और उनके वाहन चालक नवल सिंह की भूमिका को भी जांच के दायरे में रखा गया है। पुलिस अधीक्षक के अनुसार, जांच में तथ्य सामने आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।








