माध्यमिक शाला खिरहनी में बाल दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं बाल मेले का आयोजन
कटनी। पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती एवं बाल दिवस के अवसर पर 14 नवंबर को माध्यमिक शाला खिरहनी में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ बाल मेले का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी कक्षाओं के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ बीआरसी मनोज गौतम, प्रधानाध्यापक शिव कुमार सोलंकी, बीएससी सुरेश कुमार धाकड़ एवं जनशिक्षक (सीएसी) मनीष दीक्षित की उपस्थिति में हुआ। आयोजन की रूपरेखा के अनुसार विद्यार्थियों ने आकर्षक एवं रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इसके पश्चात प्रतिभागी विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इसके बाद बीआरसी मनोज गौतम ने दीप प्रज्वलित कर बाल मेले का विधिवत शुभारंभ किया। मेले में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ सहभागिता की। आयोजन का उद्देश्य बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास, आपसी सहयोग और व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में श्रीमती प्रतिभा परोहा, निधि अग्रहरि, मनोरमा त्रिपाठी, रेखा शुक्ला, राजश्री रैकवार, शकुंतला गर्ग एवं रेवा नेगी सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा। बाल दिवस का यह आयोजन बच्चों के लिए उत्साह, उमंग और सीखने का यादगार अवसर बना।

