Site icon Yashbharat.com

मां-बेटे की लाश मिलने से सनसनी, हत्या-आत्महत्या के सवाल में उलझा मामला

नरसिंहपुर। नरसिंहपुर के तेंदूखेड़ा तहसील के ग्राम ढिलवार में मां-बेटे की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मां-बेटे की लाश गांव की बावड़ी में तैरते मिली। मां-बेटे बीती रात करीब 8 बजे से गायब थे। आत्महत्या या हत्या के सवाल के बीच पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

मिली जानकारी के मुताबिक ढिलवार ग्राम में लोगों ने बावड़ी में एक बच्चे की लाश को तैरते देखा। इस पर पुलिस को सूचना दी गई। जब बच्चे की लाश निकाली गई तो उसकी पहचान 6 वर्षीय योगेंद्र धानक के रुप में हुई। इतने में पुलिस को बावड़ी से ही योगेंद्र की मां रामवती धानक (30) की लाश भी मिली। मां-बेटे की लाश मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई।

इस पर महिला और बच्चे के परिजनों को सूचना दी गई। परिजनों ने बताया कि महिला रामवती बीती रात लगभग 8 बजे घर से गई थी। परिजन उसे तलाशने भी गई लेकिन सुबह जब बालक की लाश बावड़ी में तैरते देखी तो पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर तहसीलदार एवं तेंदूखेड़ा थाना प्रभारी पहुंचे।

मां-बेटे ने आत्महत्या की या फिर उनकी हत्या की गई.. इन सवालों के बीच पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version