Thursday, May 7, 2026
Latest:
Latest

महबूबा बोलीं हम किसी के साथ नहीं बनाएंगे सरकार

श्रीनगर। जम्‍मू-कश्‍मीर में भारतीय जनता पार्टी से गठबंधन टूटने के बाद पीडीपी अध्‍यक्ष महबूबा मुफ्ती ने प्रेसवार्ता में कहा कि जैसा की आप सभी लोग जानते हैं कि आज भाजपा ने अपना समर्थन वापस ले लिया है और इसके बाद मैंने इस्‍तीफा दे दिया है। हमने बहुत सोचकर इस गंठबंधन को किया था और हमें लगा बीजेपी एक बड़ी पार्टी है और केंद्र में है तो इससे जम्‍मू के लोगों को भी फायदा मिलेगा।

 

हम जम्‍मू कश्‍मीर के दिलों को जीतना चाहते थे और हमारी कोशिश के कारण 11 हजार नौजवानों के केस वापस लिए गए। सीजफायर को कराने में हम सफल रहे जिससे लोगों को काफी आजादी महसूस हुई और वो घूमे-फिरे और आराम से रहे।

हम पाकिस्‍तान से भी बातचीत के पक्ष में हैं। एक बात साफ है कि जम्‍मू-कश्‍मीर में शक्ति की पॉलिसी नहीं चल सकती है। इसके साथ ही उन्‍होंने साफ कर दिया कि वर्तमान समय में हम किसी के साथ सरकार नहीं बनाएंगे।

गौरतलब है कि इससे पहले जम्मू कश्मीर में भाजपा और पीडीपी की गठबंधन वाली सरकार गिर चुकी है। मंगलवार को दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह द्वारा बुलाई गई महत्वपूर्ण बैठक के बाद यह फैसला लिया गया है। भाजपा नेता राम माधव ने अन्य नेताओं के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए इसकी पुष्टि कर दी है। भाजपा ने राज्यपाल को भी समर्थन वापसी की चिट्ठी सौंप दी है। इसके बाद महबूबा मुफ्ती ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया हैं। उन्होंने शाम 4 बजे पीडीपी पदाधिकारियों की बैठक बुलाई है।

इस बीच बड़ी खबर है कि राज्यपाल एनएन वोहरा का कार्यकाल बढ़ा दिया गया है। वो 25 जून को रिटायर होने वाले थे लेकिन नए राज्यपाल का नाम तय ना हो पाने के चलते अगली नियुक्ति तक वोहरा का कार्यकाल बढ़ा दिया गया है।

गठबंधन टूटने पर पीडीपी नेता अभी कुछ भी कहने से बच रहे हैं। पार्टी के प्रवक्ता ने कहा कि 4 बजे होने वाली पार्टी की बैठक में ही हम इस पर चर्चा करके 5 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताएंगे। दूसरी तरफ नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला ने राज्यपाल से मुलाकात की है।

भाजपा के फैसले पर बोलते हुए राम माधव ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में कश्मीर में जो परिस्थिति बनी है जिसे लेकर बैठक हुई। सभी से इनपुट लेने के बाद प्रधानमंत्री मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह व अन्य ने फैसला लिया है कि भाजपा के लिए जम्मू-कश्मीर में इस सरकार के साथ आगे चलना संभव नहीं होगी।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply