Site icon Yashbharat.com

मर्चेंट नेवी के तेल से भरे टैंकर में लगी आग से 2 लोग जख्मी

nevi

कांडला। गुजरात के तट के निकट बुधवार को मर्चेंट नेवी के एक तेल टैंकर में आग लग गई, हालांकि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ। टैंकर में 30,000 टन हाई-स्पीड डीजल है। रक्षा विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि अभी यह पता नहीं चल पाया है कि टैंकर में मौजूद तेल समुद्र में बिखरा है या नहीं। तेल टैंकर एमटी गणेश गुजरात के कांडला में दीनदयाल बंदरगाह से 15 नॉटिकल मील की दूरी पर है। खबर है कि आग बुधवार शाम छह बजे लगी थी। भारतीय तटरक्षक ने तत्परता दिखाई और चालक दल के सभी 26 सदस्यों को बचा लिया। दो लोग जलने की वजह से जख्मी हैं।

एक तटरक्षक अधिकारी ने बताया, ‘‘चालक दल के डिब्बे में आग लगी और आग बुझाने के लिए प्रयास किए जा रहे है।’’ रक्षा विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि भारतीय तटरक्षक की इंटरसेप्टर बोट सी-403 मौके पर है और समुद्री सुरक्षा एजेंसी की प्रदूषण नियंत्रण टीम को सक्रिय कर दिया गया है। आग की स्थिति का पता लगाने के लिए डोर्नियर विमान को लगाया गया है।

बता दें कि ठाणे रेलवे स्टेशन के पास भी बुधवार तड़के उपनगरीय ट्रेन के एक खाली डिब्बे में आग लग गई थी। मध्य रेलवे ने इस दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे में डिब्बा आंशिक रूप से जलकर खाक हो गया। मध्य रेलवे ने एक बयान में कहा कि 12 डिब्बों वाली ट्रेन ठाणे स्टेशन के पास एक जगह खड़ी थी और देर रात करीब पौने दो बजे इसके एक डिब्बे में आग लग गई। इसमें कहा गया कि ठाणे दमकल विभाग ने रात करीब दो बजकर 15 मिनट पर आग पर काबू पा लिया लेकिन एक डिब्बे (2010बी) को नुकसान पहुंचा।

Exit mobile version