Site icon Yashbharat.com

‘मनमोहन की नहीं तो मां की ही सुन लो’, रैली में PM ने राहुल पर किए ये 11 हमले

pm modi consumer sammelan img 26 10 2017

नेशनल डेस्‍क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार से कर्नाटक बीजेपी के प्रचार अभियान की शुरुआत की. चामराजनगर के सांथेमरहल्ली में बीजेपी की पहली रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा, “आजकल ऐसे लोग राजनीति कर रहे हैं, जिन्हें न देश का इतिहास पता है और न ही वंदे मातरम की जानकारी.” मोदी ने कांग्रेस को ‘नामदार’ और बीजेपी को ‘कामदार’ पार्टी बताया. उन्होंने कहा, “परिवारवाद ने देश को खराब कर दिया है. हम इसे फिर से संवारेंगे.”

सांथेमरहल्ली में बीजेपी की पहली रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, “लोग कहते हैं कि राज्य में बीजेपी की हवा है. लेकिन, मैं कहता हूं कि ये बीजेपी की हवा नहीं, बल्कि बीजेपी की आंधी चल रही है.”पीएम मोदी ने कहा, “आज मजदूर दिवस है, मेहनत करने वालों लोगों ने ही इस देश को बनाया है.” उन्होंने कहा, “28 अप्रैल की तारीख देश के इतिहास में दर्ज हो गई है, क्योंकि अब पूरे देश के सभी गांवों में बिजली पहुंच गई है.”

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए पीएम ने कहा, “आजकल ऐसे लोग राजनीति कर रहे हैं जिन्हें ना देश का इतिहास पता, ना कोई और जानकारी है, ना वंदे मातरम् की जानकारी है. कांग्रेस के नेता ने मनमोहन सिंह जी के आदेश का अनादर किया, उनके फैसले को भरी पत्रकार सभा में फाड़ दिया.”उन्होंने कहा, “मेहतनकश लोगों ने अपनी मेहनत से देश के 18,000 गांवों में बिजली पहुंचाने का काम पूरा कर दिया, इसलिए मजदूरों, कारीगरों, मेहनतकश लोगों को मैं प्रणाम करता हूं. लेकिन, कांग्रेस के मुंह से 18,000 गांवों में बिजली पहुंचाने वाले मेहनतकश लोगों के लिए प्रशंसा के 2 शब्द भी नहीं निकले”

मोदी ने कहा, “जो लोग हमें गाली देते हैं कि मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि क्या कारण है कि आजादी के 70 साल बाद भी कई करोड़ घरों में बिजली नहीं है.” पीएम बोले कि अभी 25 करोड़ परिवारों में से 4 करोड़ के पास बिजली नहीं है, हम उन्हें बिजली देंगे.

राहुल गांधी के संसद में 15 मिनट बोलने के चैलेंज पर मोदी ने कहा, “वो 15 मिनट बोलेंगे ये बहुत बड़ी बात है और मैं बैठ नहीं पाऊंगा ये सुन कर तो मुझे बस एक ही बात याद आती है… वाह क्या सीन है.'”

पीएम ने कहा, “कांग्रेस के अध्यक्ष मनमोहन सिंह की बात नहीं मानते हैं, लेकिन कम से कम अपनी माता की बात तो मान लो. आपकी माता जी ने 2005 में कहा था कि 2009 तक हर घर में बिजली पहुंचाएंगे. लेकिन, 2014 तक आपने कुछ नहीं किया. लेकिन, आज कांग्रेस के नेता देश के मजदूरों का मज़ाक उड़ाते हैं.”

राहुल गांधी पर तंज कसते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, “आप नामदार आदमी हैं, हम कामदार आदमी हैं. हम तो अच्छे कपड़े भी नहीं पहन सकते हैं आपके सामने कैसे बैठेंगे.” उन्होंने कहा कि परिवारिक राजनीति ने देश को खराब किया है.

राहुल को लेकर मोदी ने कहा, “कर्नाटक चुनाव प्रचार में आप कन्नड़, हिंदी या फिर माता जी की मात्र भाषा (इटली) में बिना कागज हाथ में लिए 15 मिनट तक अपनी सरकार की उपलब्धि बताएं तो काफी बड़ी बात होगी. लेकिन अपने भाषण में करीब 5 बार श्रीमान विश्वस्वराज जी के नाम का उल्लेख जरूर करें.”

मोदी ने कहा कि कर्नाटक में 2+1 का फॉर्मूला चल रहा है, ये कुछ नहीं कांग्रेस के फैमिली फॉर्मूला का कर्नाटक वर्जन है. ये कभी-कभी जागने वाले यहां के सीएम का राजनीतिक कदम है. सिद्धारमैया खुद दो सीटों से चुनाव लड़ रहे हैं कि कहीं से बच जाएंगे, खुद जहां से पहले लड़े थे वहां बेटे को भेज दिया है.

पीएम मोदी ने कहा, “बीएस येदियुरप्पा राज्य के लोगों की उम्मीद हैं. 12 मई को चुनाव के बाद वो राज्य के अगले सीएम बनने जा रहे हैं.” उन्होंने कहा 12 मई को जनता कोई विधायक नहीं चुनेगी, बल्कि इस दिन कर्नाटक का भविष्य चुनेगी.

Exit mobile version