Site icon Yashbharat.com

मंत्री के बेटे ने की बदतमीजी तो महिला कांस्‍टेबल ने दिया इस्‍तीफा, एसपी ने दिए जांच के आदेश

yashbharatnewsupdatealert

अहमदाबाद । Gujarat News: गुजरात में मंत्री पुत्र प्रकाश कानाणी और महिला कांस्‍टेबल सुनीता यादव के बीच हुए विवाद के बाद सूरत पुलिस अधीक्षक ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। बता दें कि इस विवाद का पूरा ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। जानकारी के मुताबिक इस घटना के बाद सुनीता ने इस्‍तीफा सौंप दिया है। बताया जा रहा है कि प्रकाश और उसके साथियों ने महिलाकर्मी को धमकाया और दुर्व्‍यवहार किया और इसी से व्यथित होकर महिला पुलिसकर्मी ने इस्तीफा दिया।

गौरतलब है कि महिला कांस्टेबल सुनीता यादव ने कोरोना वायरस संक्रमण की स्थिति के दौरान सूरत के वराछा इलाके में लगे कर्फ्यू में बिना मास्क पहने घूमने वाले युवकों को पकड़ा था। इन युवकों के बचाव में मंत्री पुत्र प्रकाश कानाणी आए और फिर ये विवाद की स्थिति बनीं।

सूरत में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के चलते प्रशासन ने रात्रिकालीन कर्फ्यू लगाया हुआ है। इसके अलावा प्रशासन ने हीरा और टेक्‍सटाइल बाजार तक बंद करा दिए हैं। लेकिन जब पुलिस इस कर्फ्यू का सख्ती से पालन करा रही है तो मंत्री पुत्र ही इसमें रोड़ा अटका रहे हैं। पुलिसकर्मी ने जब रात 10 बजे बाद बिना मास्‍क पहले युवकों को घूमते पकड़ा तो मंत्री पुत्र अपने दोस्‍तों को छुड़ाने पहुंच गए। वराछा पुलिस थाना के पॉइंट पर महिला पुलिसकर्मी सुनीता यादव ने इन युवकों को पकड़ा था। यहां इन युवकों ने सुनीता से दुर्व्‍यवहार किया तथा देख लेने की धमकी दी। अब इस पूरे घटनाक्रम का ऑडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ तो हंगामा मच गया।

Exit mobile version