Site icon Yashbharat.com

भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर आज करेंगे नई पार्टी का ऐलान, ये हो सकता है नाम

images 83

नई दिल्ली। भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर आजाद रविवार को नोएडा में पार्टी की घोषणा करेंगे। साल 2022 में यूपी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर चंद्रशेखर का यह कदम पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक नया समीकरण बना सकता है।

सहारनपुर में दलित और ठाकुरों में टकराव के बाद  भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर चर्चा में आए थे। सहारनपुर जेल से रिहा होने के बाद वे लगातार केंद्र व यूपी सरकार को चुनौती दे रहे हैं। सीएए मामले में दिल्ली में खुलकर सरकार का विरोध करने पर चंद्रशेखर जेल में रहे तो कई प्रदेशों में प्रदर्शन के दौरान चंद्रशेखर को जेल भेजा गया।

वह रविवार को नोएडा में नई पार्टी की घोषणा करेंगे। भीम आर्मी के मेरठ जिलाध्यक्ष विकास हरित ने बताया कि पार्टी की घोषणा का कार्यक्रम दिल्ली में होना था। जिसमें बड़ी संख्या में लोगों को जुटना था। लेकिन कोरोना वायरस के अलर्ट के चलते उन्हें दिल्ली में अनुमति नहीं मिली। इसके बाद नोएडा में बड़े कार्यक्रम को टालते हुए प्रेसवार्ता रखी गई है। जिसमें चंद्रशेखर पार्टी की घोषणा करेंगे।

पार्टी के नाम पर चर्चा
आजाद बहुजन पार्टी, बहुजन आवाम पार्टी और आजाद समाज पार्टी के नाम पर चर्चा हो रही है। विकास हरित ने बताया कि बसपा समेत कई पार्टियों के नेता और कार्यकर्ता नई पार्टी से जुडे़ंगे। सूत्रों के अनुसार पार्टी की घोषणा के साथ चंद्रशेखर मेरठ के युवा सेवा समिति के अध्यक्ष बदर अली को बड़ी जिम्मेदारी सौंप सकते हैं। चंद्रशेखर की सहारनपुर के कद्दावर नेता इमरान मसूद से करीबी किसी से छिपी नहीं है। ऐसे में नई पार्टी की घोषणा के साथ चंद्रशेखर की नजरें दलित, मुस्लिम और पिछड़ों के गठजोड़ पर होगी।

Exit mobile version