नई दिल्ली। इस महीने में तीसरी बार एक दिन में कोरोना के 10 हजार से कम नए मामले सामने आए हैं, जिनमें आधे से अधिक सिर्फ केरल से हैं। 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एक भी व्यक्ति की इस महामारी की वजह से मौत नहीं हुई है और 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एक से पांच लोगों की जान गई है।
15 हजार से अधिक मरीज पूरी तरह से ठीक भी हुए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक बीते 24 घंटों के दौरान पूरे देश में संक्रमण के 9309 नए मामले मिले हैं जबकि 78 लोगों की मौत हुई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटों के दौरान पूरे देश में संक्रमण के 9309 नए मामले मिले हैं।
इनमें 5281 मामले सिर्फ केरल में ही सामने आए हैं। इसके अलावा महाराष्ट्र में 652 और तमिलनाडु में 481 नए केस मिले हैं। इस दौरान 15,858 मरीज ठीक हुए हैं और 78 लोगों की मौत भी हुई है, जिसमें महाराष्ट्र में 25 और केरल में 16 मौतें शामिल हैं। कुल संक्रमितों का आंकड़ा एक करोड़ आठ लाख 80 हजार को पार कर गया है। इनमें से एक करोड़ पांच लाख 89 हजार मरीज पूरी तरह से संक्रमण मुक्त भी हो चुके हैं और 1,55,447 लोगों की मौत भी हो चुकी है।
मरीजों के उबरने की दर बढ़कर 97.32 फीसद हो गई है और मृत्युदर 1.43 फीसद पर बनी हुई है। सक्रिय मामलों का आंकड़ा 1,35,926 पर आ गया है, जो कुल मामलों का 1.25 फीसद है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, कोरोना महामारी की वजह से अभी तक महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 51,415 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद तमिलनाडु में 12,402, कर्नाटक में 12,251, दिल्ली में 10,886, बंगाल में 10,225, उत्तर प्रदेश में 8696 और आंध्र प्रदेश में 7151 मरीजों की जान भी गई है।

