Latestअंतराष्ट्रीय

बड़ी खबर: खतरे में इमरान सरकार, सीनेट में वित्तमंत्री की हार के बाद अल्पमत में, कुछ देर बाद करेंगे संबोधित, दे सकते हैं इस्तीफा

पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसान (पीटीआई) को सीनेट चुनाव में करारी शिकस्त और इसके बाद विपक्ष की ओर से इस्तीफे की मांग के बीच पाक के पीएम इमरान खान देश को संबोधित करने जा रहे हैं। वह शाम 7:30 (भारतीय समय के मुताबिक रात 8 बजे) कुछ बड़ा ऐलान कर सकते हैं। देश को संबोधित करने से पहले उन्होंने सेना प्रमुख और खुफिया एजेंसी के डीजी से भी मुलाकात की है। हो सकता है वह इमरजेंसी की घोषणा कर सकते हैं।

इमरान खान की पार्टी की तरफ से ट्विटर पर यह जानकारी दी गई है। हालांकि, यह नहीं बताया गया है कि इमरान खान के संबोधन का एजेंडा क्या है। देश को संबोधित करने से पहले गुरुवार को इमरान खान ने पाकिस्तान सेना के प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा और आईएसआई डायरेक्टर जनरल ले. जनरल फैयाज हमीद से मुलाकात की।

इससे पहले बुधवार को विपक्ष ने इमरान खान को सम्मानपूर्वक इस्तीफा देने को कहा था। पाकिस्तान के वित्त मंत्री अब्दुल हफीज शेख को महत्वपूर्ण सीनेट चुनावों में पूर्व प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने पराजित कर दिया। इस नतीजे को प्रधानमंत्री इमरान खान के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है क्योंकि उन्होंने व्यक्तिगत रूप से मंत्रिमंडल के अपने सहयोगी के लिए प्रयास किया था।

सत्तारूढ़ पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी (पीटीआई) ने दावा किया था कि उसे 182 सदस्यों का समर्थन हासिल है जबकि सीनेटर को चुनने के लिए 172 वोटों की आवश्यकता थी। पाकिस्तान चुनाव आयोग (ईसीपी) ने घोषणा की कि, ”यूसुफ रजा गिलानी को 169 मत मिले जबकि शेख को 164 मत मिले। सात मत खारिज हुए। कुल 340 वोट डाले गए।

प्रधानमंत्री खान ने शेख की जीत सुनिश्चित करने के लिए व्यक्तिगत रूप से प्रयास किया था। ग्यारह विपक्षी पार्टियों के एक गठबंधन पाकिस्तान डेमोक्रेटिक मूवमेंट (पीडीएम) ने गिलानी का समर्थन किया था। इसमें पाकिस्तान मुस्लिम लीग (नवाज) और पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी भी शामिल हैं। दिलचस्प बात यह है कि शेख 2008 से 2012 तक पूर्व प्रधानमंत्री गिलानी के कार्यकाल के दौरान उनके मंत्रिमंडल में मंत्री थे।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम