न्यूज डेस्क। महिला अपराध को लेकर चौतरफा आरोपों से घिरी पार्टी ने महिलाओं के लिए अलग से घोषणा पत्र लाकर जता दिया है कि महिला सुरक्षा और उसकी प्रगति उनकी प्राथमिकता में है.बीजेपी का ‘दृष्टि पत्र’ जारी, पहली बार महिलाओं के लिए अलग से मेनिफेस्टो बीजेपी मेनिफेस्टो जारी
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने आज अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया. इस बार महिलाओं के लिए अलग से घोषणा-पत्र जारी किया गया है, जिसे पार्टी ने नारी शक्ति संकल्प पत्र नाम दिया गया है जबकि दूसरे घोषणा पत्र को पार्टी ने दृष्टि पत्र नाम दिया है. घोषणा पत्र केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली, पेट्रोलियम मंत्री और प्रदेश प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, सीएम शिवराज सिंह चौहान जैसे पार्टी के बड़े नेताओं की मौजूदगी में जारी किया गया.
यह पहला मौका है जब बीजेपी किसी एक चुनाव के लिए दो घोषणा-पत्र लेकर आई है. महिला अपराध को लेकर चौतरफा आरोपों से घिरी पार्टी ने महिलाओं के लिए अलग से घोषणा पत्र लाकर जता दिया है कि महिला सुरक्षा और उसकी प्रगति उनकी प्राथमिकता में है.
बीजेपी द्वारा महिलाओं के लिए अलग से जारी मेनिफेस्टो के पीछे का उद्देश्य प्रदेश में बढ़े महिला विरोधी अपराधों को माना जा रहा है, क्योंकि महिला विरोधी अपराध में मध्यप्रदेश के नंबर-1 होने के कारण शिवराज सरकार लगातार विपक्ष के निशाने पर है. ऐसे में पार्टी ने महिलाओं के लिए अलग से मेनिफेस्टो लाकर खुद को बचाने की कोशिश की है.
‘दृष्टि पत्र’ में महिलाओं, युवा और किसानों के साथ -साथ हर वर्ग पर फोकस है, जिसके लिए बीजेपी ने जनता से सुझाव मांगे थे. पार्टी को जनता से 30 हज़ार से ज़्यादा सुझाव मिले थे, जिनमें से 700 सुझावों को शॉर्ट लिस्ट किया गया. वहीं, समृद्ध एमपी अभियान के तहत बीजेपी को करीब 23 लाख सुझाव मिले हैं. इन सुझावों में से कुछ प्रमुख सुझाव बीजेपी ने अपने दृष्टि पत्र में शामिल भी किया है.
इससे पहले पिछले हफ़्ते 10 नवंबर को कांग्रेस अपना मेनिफेस्टो जारी कर चुकी है, जिसे कांग्रेस ने वचन-पत्र नाम दिया है.

