बिजली की अधिकतम मांग का नया रिकार्ड बना
जबलपुर। मध्यप्रदेश में आज 17 नवंबर शनिवार को बिजली की अधिकतम मांग का नया रिकार्ड बना। प्रदेश के इतिहास में बिजली की अधिकतम मांग सुबह 08.45 बजे 13035 मेगावाट पर पहुंची, जिसकी सफलतापूर्वक सप्लाई की गई। प्रदेश के बिजली इतिहास में इस वर्ष नवंबर माह में बिजली की मांग के जहां पुराने रिकार्ड टूटे, वहीं नित नए रिकार्ड बन रहे हैं। पिछले वर्ष बिजली की अधिकतम मांग 28 दिसंबर 2017 को 12240 मेगावाट दर्ज हुई थी, वहीं पिछले वर्ष आज ही के दिन बिजली की अधिकितम मांग 11697 मेगवाट दर्ज हुई थी।
बिजली की अधिकतम मांग वर्ष 2016 में पहली बार 11000 मेगावाट के स्तर के ऊपर दर्ज की गयी थी एवं वर्ष 2017 के रबी सीजन में 12,000 मेगावाट के ऊपर दर्ज की गयी थी। प्रात बिजली की अधिकतम मांग के समय मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी (इंदौर व उज्जैन संभाग) में बिजली की अधिकतम मांग 5407 मेगावाट, मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी (भोपाल व ग्वालियर संभाग) में 4198 मेगावाट और मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी (जबलपुर, सागर व रीवा संभाग) में 3430 मेगावाट दर्ज हुई।

