बाल दिवस पर सिंधी काउंसिल ने बच्चों को बांटे स्वेटर
कटनी -बाल दिवस के अवसर पर सिंधी काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा सिंधी स्कूल, नई बस्ती में सेवा और सहयोग की सराहनीय पहल की गई। संस्था की ओर से विद्यालय के सभी बच्चों को सर्दी से बचाव के लिए स्वेटर वितरित किए गए। वहीं टॉफियां देकर बच्चों की खुशियों को दोगुना किया गया।
स्वेटर और टॉफियां पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखते ही बन रहा था। बच्चों की खिलखिलाहट ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। संस्था का उद्देश्य जरूरतमंदों की सहायता के साथ ही समाज की नई पीढ़ी में सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।
सिंधी काउंसिल ऑफ इंडिया की इस पहल के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि समाज की खुशहाली और उज्ज्वल भविष्य के लिए बच्चों के साथ खड़े होना तथा उनके चेहरों पर मुस्कान लाना भी सेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
कार्यक्रम में सिंधी एजुकेशन सोसायटी के अध्यक्ष मोहन बत्रा, कोषाध्यक्ष गोविंद सचदेवा, सिंधी काउंसिल की अध्यक्ष नीलम जगवानी सहित नीतू लालवानी, मोना पुरसवानी, सुमन छत्तानी, कशिश रोहरा, रजनी होतवानी, एकता बत्रा, संगीता तनवानी, विनी गलानी और वर्षा गांधी उपस्थित रहीं। इसके अलावा विद्यालय की प्राचार्य आशा लालवानी, जानकी पमनानी, मुरली सुखेजा, मुरली आहूजा एवं विद्यालय का स्टाफ मौजूद रहा।











