बारिश का FB Live करने के चक्कर में जान से हाथ धोना पड़ा

जयपुर। बारिश में गाड़ी चलाते हुए फेसबुक लाइव करने की कोशिश में एक व्यक्ति की जान चली गई। यह हादसा जोधपुर के लोहावट में हुआ।
जोधपुर-फलोदी स्टेट हाईवे पर शुक्रवार को एक गाड़ी में चार लोग फलौदी की ओर जा रहे थे। रास्ते में बारिश थी और इस बारिश का फेसबुक लाइव गाड़ी में बैठा एक युवक सुनील विश्नोई कर रहा था। गाड़ी की रफ्तार बहुत तेज थी।
इसी दौरान गाड़ी चला रहे दलपत सिंह भार्टी बार-बार मोबाइल की तरफ देख रहे थे। यह गाड़ी एक अन्य गाड़ी से आगे निकली और कुछ ही देर बाद एक पेड़ से जा टकराई।
माना जा रहा है कि फेसबुक लाइव के दौरान बार-बार मोबाइल की ओर देखने तथा गाड़ी की रफ्तार तेज होने के कारण दलपत सिंह का ध्यान सड़क से भटक गया और गाड़ी पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि दलपत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पुलिस एवं 108 एंबुलेंस पहुंची।
तीन अन्य सुनील विश्नोई, चंद्रभान बिश्नोई व देवी सिंह राजपूत घायल हो गए। इनमें सुनील विश्नोई व चंद्रभान बिश्नोई की हालत गम्भीर बताई जा रही है।








