बाजार से दो हजार के नोट हो रहे गायब
जबलपुर। बाजार से दो हजार के नोट तकरीबन गायब से हो गए हैं। न तो दो हजार का नोट दुकानदारों पर नजर आ रहा है और न ही एटीएम से निकल रहा है। यहां तक कि कई बैंक भी पांच सौ या सौ के नोट ही उपभोक्ताओं को दे रहे हैं। कोई उपभोक्ता यदि दो हजार का नोट मांगता भी है तो बैंक कर्मचारी हाथ खड़े कर देते हैं। उनका कहना होता है कि बैंक में दो हजार के नोट ही नहीं है। सप्लाई न के बराबर हो रही है। दो हजार के नोटों के गायब होने के पीछे लोगों का कहना कि चुनाव की वजह से नोट बाजार से गायब हुए हैं। खबर हे कि प्रत्याशियों ने दो -दो हजार के नोट जमा कर लिए हैं। उल्लेखनीय है कि एक महीने पहले तक जब भी कोई एटीएम में रुपए निकालने के लिए जाता था तो दो हजार के नोट निकलते थे, लेकिन पिछले एक माह से शहर के एटीएम से केवल पांच सौ के नोट ही निकल रहे हैं। अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पहले 10 हजार रुपए एटीएम से निकालने पर पांच चार नोट दो दो हजार के व चार नोट पांच पांच सौ के निकलते थे, लेकिन अब हालत यह है कि पूरे 20 नोट पांच सौ के निकल रहे हैं। ऐसे में जिन लोगों को बड़े नोट यानी दो हजार के नोटों की जरूरत होती है उन्हें ये नोट नहीं मिल रहे है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
क्यों कमी आई है बाजार में दो हजार के नोटों की
– बताया जाता है दो हजार के नोटों को पहले से ही लोगों ने जमा कर लिया है।
– चूंकि अभी विधानसभा चुनाव चल रहे हैं। चुनाव प्रत्याशी विभिन्न खर्चों के लिए रकम को कार्यकर्ताओं व मतदाताओं तक पहुंचा रहे हैं। छोटे नोट भेजने की स्थिति में उनके पकडऩे की संभावना बन जाती है। ऐसे में कयास लगाया जा रहा है कि वे दो-दो हजार के नोट ही भेज रहे हैं।

