Wednesday, April 29, 2026
Latest:
katniLatest

बड़ी खबर : न पैनल न प्रत्‍याशी पहले कल होगी भाजपा की रायशुमारी

कटनी। कटनी जिले की चारों विधानसभा सीटों के लिए भारतीय जनता पार्टी में दावेदारों की बढ़ती कतार को कम करने पार्टी ने अब वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से रायशुमारी कर तीन नामों की पैनल तैयार करने का फार्मूला तैयार किया है।

भाजपा की रायशुमारी कलः टिकट के लिए अब कार्यकर्ताओं से मांगे जाएंगे तीन नाम

इस फार्मूले के तहत कल 17 अक्टूबर को भाजपा के कटनी जिले में निवासरत जनप्रतिनिधियों, जिला पदाधिकारियों मोर्चा प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों, पूर्व जनप्रतिनिधियों सहित कई भूतपूर्व पदाधिकारियों से तीन-तीन नामों का पैनल बाकायदा फर्स्ट, सेकेंड, थर्ड की च्वाइस के आधार पर लिया जाएगा। ये वरिष्ठ और जिम्मेदार पदाधिकारी बताएंगे कि उनके क्षेत्र में कौन टिकिट का प्रथम दावेदार है। उसके बाद किसका नम्बर है और अगर दोनों से बात नहीं बनती तो तीसरा उम्मीदवार कौन हो सकता है।

बन्द लिफाफे में डाले जाएंगे वोट
भाजपा टिकिट देने के मामले में कुछ वैसा ही फार्मूला अपना रही है जैसा संगठनात्मक चुंनाव में अपनाती है। यहां भी रायशुमारी के पैमाने पर नाम लिख कर देने होते हैं फिर आलाकमान इसका विश्लेषण करता है और अगर उन्हें तसल्ली होती है तो निर्णय दे दिया जाता है। हालांकि यह भी किसी से छिपा नहीं है कि इस सब के बाद भी सर्वाधिकार सुरक्षित प्रदेश नेतृत्व के पास ही होते हैं।

नहीं लिख सकते स्वयं का नाम
भारतीय जनता पार्टी कल जिला कार्यलय में जिले की चारों विधानसभाओं में रायशुमारी के तहत जिले में निवासरत वरिष्ठों तथा कुछ अन्य अपेक्षितों से तीन तीन नाम तो ले रही है लेकिन इसमें नाम देने वाले स्वयं का नाम नहीं लिख सकते। मतलब अगर नाम देने वाला स्वयं टिकिट का दावेदार है तो अपने हाथ ही वह अपनी स्वयं की दावेदारी को उजागर नहीं कर सकता साफ है कि यहां एक अनार सौ बीमार हैं लेकिन वह खुद को दावेदारी में नही बता सकते लेकिन कोई दूसरा इनका नाम लिख सकता है।

तुम मेरा देना, मैं तुम्हारा दूंगा
रायशुमारी के इस फार्मूले के बाद अब स्थिति यह है कि दाबेदारी करने वाले एक दूसरे से सम्पर्क में जुटे हैं। दावेदार अब इस फार्मूले का तोड़ कुछ यूं निकाल रहे हैकि तुम मेरा नाम फस्ट च्वाइस में रखो में तुम्हारा दूंगा। देखना यह है कि इन सब के बाद आखिर फस्ट प्राईज कौन जीतता है।

पहले भी हो चुका है इस फार्मूले पर काम
कार्यकर्ताओं की राय जानने के लिए भाजपा इससे पहले भी कई जगह यह प्रयोग कर चुकी है। जरूरी नहीं कि इस फार्मूले में अव्वल आने वाले कि टिकट की लॉटरी खुल जाए लेकिन इससे कार्यकर्ताओं की पसंद तो पता चल ही जाती है।

रीति पाठक औऱ उमेश शुक्ला रहेंगे मौजूद
बहरहाल कल के इस पूरे कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिला का माहौल नवरात्र की भीड़ जैसा ही रहेगा। कल रायशुमारी के दौरान कटनी में बतौर पर्यवेक्षक सीधी सांसद रीति पाठक, तथा छतरपुर के पूर्व विधायक उमेश शुक्ला मौजूद रहेंगे। जिला कार्यालय में सुबह 11 बजे से सायं 5 बजे तक रायशुमारी होगी। इसके बाद निर्णय दोनों पर्यवेक्षक भाजपा आलाकमान को देंगे। यह पूरी प्रक्रिया गोपनीय रहेगी। यह पता नहीं लग सकेगा किसके पक्ष में कौन ने अपना निर्णय लिखा है। रायशुमारी में अपना मत देने वालों के नाम प्रथम द्वतीय तृतीय क्रमवार लिख कर स्वयं का नाम मोबाइल दव लिखना होगा।

भाजपा लोकतांत्रिक तरीके से करती है फैसला- पीताम्बर
इधर रायशुमारी पर भाजपा जिलाध्यक्ष पीताम्बर टोपनानी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। यहां हर फैसले कार्यकर्ताओं वरिष्ठ बुजुर्ग जनों से सलाह मशविरे के साथ लिए जाते हैं। यहां कार्यकर्ताओं पर फैसले थोपे नहीं जाते। प्रदेश और राष्ट्रीय नेतृत्व की मंशानुसार प्रत्येक जिलों में रायशुमारी के बाद नेतृत्व गहन चिंतन मंथन के बाद योग्य व्यक्ति को प्रत्याशी घोषित करेगा और समस्त कार्यकर्ता जनता से आशीर्वाद लेने प्राण प्रण से जुटेगा। यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया सिर्फ और सिर्फ भाजपा ही अपनाती है।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply