FEATURED

बंगाल भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष कोरोना पॉजिटिव, गोमूत्र को बताया था कोविड-19 से बचने का उपाय

कोलकाता। बंगाल भाजपा के अध्यक्ष व सांसद दिलीप घोष कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए। इसके बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों ने बताया कि घोष को हल्का बुखार था, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल के एक वरिष्ठ डॉक्टर ने कहा कि घोष को 102 डिग्री बुखार है और फिलहाल उनका इलाज चल रहा है। उनका ऑक्सीजन का स्तर सामान्य है, चिंता की कोई बात नहीं है।

पिछले दो दिनों से घोष की तबियत खराब थी जिसके बाद उन्होंने कोविड-19 की जांच कराई। शुक्रवार को उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। बता दें कि घोष कोरोना वायरस संक्रमण को लेकर अपने विवादित बयानों से कई बार सुर्खियां बटोर चुके हैं। इससे पहले उन्होंने अपने एक बयान में कहा था कि गोमूत्र पीने से कोरोना वायरस सहित हर तरह के वायरस से लड़ने की शरीर की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है।

पिछले दिनों दिलीप घोष का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह कह रहे थे कि यदि मैं आपसे गाय की बात करूं तो बहुत से लोग इससे असहज हो जाएंगे। गधे कभी भी एक गाय की अहमियत नहीं समझेंगे। यह भारत है, भगवान श्रीकृष्ण की धरती, यहां हम गाय की पूजा करते हैं। हमें स्वस्थ रहने के लिए गोमूत्र पीना चाहिए। जो शराब पीते हैं वो कैसे एक गाय की अहमियत को समझेंगे।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम