प्रियंका तुम पीछे नहीं हटोगी, किसानों को जिता कर रहेंगे… बहन को ट्वीटर पर बोले भैया राहुल
लखीमपुर खीरी में किसानों की मौत के बाद मौके पर पहुंची कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की उनके भाई राहुल गांधी ने हौसला अफजाई की है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने ट्वीट कर कहा कि उत्तर प्रदेश प्रशासन आपके साहस से स्तब्ध है। आपको बता दें कि यूपी पुलिस ने प्रियंका को हिरासत में ले लिया है।
राहुल गांधी ने में ट्वीट कर कहा, “प्रियंका, मैं जानता हूँ तुम पीछे नहीं हटोगी- तुम्हारी हिम्मत से वे डर गए हैं। न्याय की इस अहिंसक लड़ाई में हम देश के अन्नदाता को जिता कर रहेंगे।”
प्रियंका, मैं जानता हूँ तुम पीछे नहीं हटोगी- तुम्हारी हिम्मत से वे डर गए हैं।
न्याय की इस अहिंसक लड़ाई में हम देश के अन्नदाता को जिता कर रहेंगे। #NoFear #लखीमपुर_किसान_नरसंहार
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) October 4, 2021
कांग्रेस ने इससे पहले एक वीडियो ट्वीट किया था जिसमें प्रियंका गांधी वाड्रा को लखीमपुर खीरी जाते समय यूपी पुलिस के साथ बहस करते हुए देखा गया। पार्टी ने कहा कि प्रियंका को सीतापुर पुलिस लाइन ले जाया जा रहा था। लोगों से वहां इकट्ठा होने का आग्रह भी किया। वीडियो में प्रियंका को यह कहते हुए सुना जा सकता है, “वारंट निकलो, ऑर्डर निकलो, मैं यहां से नहीं हिल रही हूं। अगर आप मुझे उस कार में डाल देंगे तो मैं आप पर अपहरण का आरोप लगाऊंगी। आरोप पुलिस के खिलाफ नहीं बल्कि आप पर होगा।”
आपको बता दें कि लखीमपुर खीरी में हिंसा रविवार को उस समय भड़क उठी जब प्रदर्शनकारी किसानों के एक समूह ने केंद्रीय मंत्री अजय कुमार मिश्रा और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को क्षेत्र का दौरा करने से रोकने की कोशिश की। अधिकारियों के अनुसार, हिंसा प्रभावित जिले के कुछ हिस्सों में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं को निलंबित कर दिया गया है। यहां सीआरपीसी की धारा 144 के तहत प्रतिबंध लगाया गया है।
यूपी पुलिस ने सोमवार तड़के इस घटना को “दुर्भाग्यपूर्ण” बताते हुए ट्विटर पर कहा कि जिला प्रशासन के अनुसार अब तक आठ लोगों के हताहत होने की सूचना है।

