Saturday, April 25, 2026
Latest:
FEATUREDमध्यप्रदेश

प्रदेश की 4 हजार से अधिक अवैध कॉलोनियों का शुरू हुआ नियमितीकरण

ग्वालियर। प्रदेश भर की अवैध कॉलोनियों के नियमितीकरण का काम मंगलवार से शुरू हो गया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मेला परिसर में मंगलवार की शाम आयोजित कार्यक्रम में ग्वालियर नगर निगम सीमा की 690 में से पहले चरण में 63 अवैध कॉलोनियों के नियमितीकरण(वैध) करने की घोषणा की।

इसके साथ ही प्रदेश की चार हजार से अधिक कॉलोनियां वैध हो गई। इनमें ग्‍वालियर की भी 63 कॉलोनियां शामिल हैं। इस कार्यक्रम में प्रदेश की नगरीय प्रशासन मंत्री माया सिंह और केंद्रीय पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर भी मौजूद थे।

सीएम ने अपने संबोधन में कहा कि अवैध कॉलोनियों को वैध किया जाएगा। उन्‍होंने इस मौके पर राज्‍य सरकार की कल्‍याणकारी योजनाओं का उल्‍लेख भी किया। उन्‍होंने कहा कि केवल अवैध कॉलोनी नियमितीकरण ही लक्ष्‍य नहीं हम जनता का जीवन बदलना चाहते हैं। राज्‍य सरकार गरीबों का जीवन स्‍तर ऊपर लाना चाहती है।

शिवराज ने कहा कि प्रदेश में कोई भी गरीब बिना जमीन नहीं रहेगा। सरकार गरीब को जमीन और मकान उपलब्‍ध करवाएगी। उन्‍होंने कहा कि लोग अपने बच्‍चों को पढ़ाएं सरकार सभी आवश्‍यक सुविधाएं मुहैया कराएगी।

सीएम ने इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्‍यक्ष कमलनाथ के बयान को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि हम जनता के लिए सारी सुविधाएं जुटा रहे हैं फि‍र भी हमारे लिए अप्रिय शब्‍दों का उपयोग किया जाता है।

सीएम ने इसके अलावा नगर निगम, पुलिस, परिवहन, जिला पंचायत तथा लोक निर्माण विभाग की ओर से जिले में कराए जा रहे 1433 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास भी किया।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply