नई दिल्‍ली,  पूर्व प्रधानमंत्री और वरिष्‍ठ कांग्रेसी नेता मनमोहन सिंह को रविवार देर शाम अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्‍स) में भर्ती कराया गया है। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की तबियत खराब होने के कारण उन्‍हें दिल्‍ली के एम्‍स अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है। उन्‍हें सीने में दर्द की शिकायत है।

1(1998)

मिली जानकारी के अनुसार पूर्व पीएम मनमोहन सिंह ने सीने में दर्द की शिकायत की जिसके बाद उन्‍हें रात करीब 8.45 बजे एम्‍स लाया गया है। यहां एम्‍स में उन्‍हें कार्डियक सेंटर में भर्ती कराया गया है। एम्‍स के कार्डियोलॉजी के डॉक्‍टर उनका इलाज कर रहे हैं।

एम्‍स में है कोविड-19 अस्‍पताल 

बता दें कि फिलहाल देश में कोरोना वायरस के कारण लॉकडाउन-3 चल रहा है। इसके कारण दिल्‍ली सहित पूरे देश में आवाजाही पर रोक है। हालांकि कुछ जरूरी चीजों को लेकर सरकार ने छूट दी है। इधर एम्‍स देश का सबसे बड़ा अस्‍पताल होने के कारण कोरोना के मरीजों का भी इलाज कर रहा है। यहां कोरोना से संक्रमितों मरीजों के लिए एक खास कोविड-19 अस्‍पताल बनाया गया है। यहां सिर्फ कोरोना से जुड़े मरीजों का ही इलाज किया जा रहा है।

दिल्‍ली में लगातार बढ़ते जा रहे हैं कोरोना के मरीज

इधर दिल्‍ली में कोरोना के मरीज बढ़ते ही जा रहे हैं। ताजा आंकड़ों के मुताबिक रविवार को 381 नए मामले सामने आए हैं। औसत की बात करें तो राजधानी में हर दिन लगभग 300 कोरोना के मरीज संक्रमित होकर अस्‍पताल आ रहे हैं। इधर कुल संक्रमितों की संख्‍या भी 7000 के आसपास पहुंच चुकी है।