Saturday, May 2, 2026
Latest:
jabalpur

पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष भारत सिंह यादव का भाजपा से इस्तीफा

नरेन्द्र त्रिपाठी, हरव सिंह,कौड़ी लाल, कीर्तन व्यास , जमुना मरावी ,लालू ने लिया नाम वापस
जबलपुर,यभाप्र। विधानसभा चुनाव में 8 विधानसभा क्षेत्रों में कितने प्रत्याशी मैदान में रहेंगे इसकी पिक्चर आज दोपहर बाद क्लीयर हो जाएगी। नाम वापसी के अंतिम दिन के चलते उम्मीदवार दोपहर तीन बजे तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। आज जो खबर मिल रही है उसके अनुसार असंतुष्टों को मनाने का काम दोनों प्रमुख दलों में अंतिम समय तक चला है। कुछ रुठे मान गए हैं तो कुछ आर-पार के मूड में हैं। पनागर सीट से टिकट न मिलने से नाराज होकर प्रत्याशी बदलने की मांग करते हुए भाजपा के पूर्व विधायक नरेन्द्र त्रिपाठी पार्टी के खिलाफ ही मोर्चा खोलते हुए निर्दलीय मैदान में कूद गए थे। और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष भारत ंिसह यादव के साथ नामांकन भी दाखिल कर दिया था। आज मप्र के चुनाव प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्धे ने उन्हें मनाया और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के फोन के बाद उन्होंने आज दोपहर में नाम वापस ले लिया है। जबकि दूसरे असंतुष्ट नेता भारत सिंह ने आज कांता पटेल के साथ भारतीय जनतापार्टी से पूरी तरह से नाता तोड़ लिया है। उन्होंने आज अपना इस्तीफा जिला महामंत्री रानू तिवारी को सौंप दिया है और दो टूक कह दिया है कि वे अब मैदान नहीं छोड़ेंगे। भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश पटैल को अपना इस्तीफा प्रेषित करते हुए इसकी प्रतिलिपी प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह एवं प्रदेश संगठन महामंत्री सुभाष भगत को भी भेज दी है। इसी बीच बरगी विधान सभा सीट से कांग्रेस कार्यकर्ता हरव सिंह मरावी और कौड़ी लाल राय , कीर्तन व्यास सिहोरा से कांग्रेस नेत्री जमुना मरावी व उत्तर मध्य से सपाक्स से नामांकन दाखिल करने वाले लालू जैन ने भी नाम वापस ले लिया है। पनागर विधानसभा क्षेत्र के एक अभ्यर्थी विनोद श्रीवास्तव ने मंगलवार को उम्मीदवारी से नाम वापस ले लिया है । इनमें से एक अभ्यर्थी का नाम-निर्देशन पत्र कल सोमवार को संवीक्षा के दौरान निरस्त हो गया था । सभी विस निर्वाचन क्षेत्रों के रिटर्निंग अधिकारियों के कक्षों में नाम वापसी की प्रक्रिया संपादित होगी। नाम वापसी की प्रक्रिया के बाद संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा अभ्यर्थियों की सूची सूचना पटल पर प्रकाशित की जाएगी। इसके उपरांत भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों के तहत चुनाव चिन्हों का आवंटन भी संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा किया जायेगा।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply