पूज्य गृहस्थ संत दद्दा जी की अस्थियां संगम में विसर्जित
प्रयागराज ( यशभारत ) गृहस्थ संत देव प्रभाकर शास्त्री उर्फ दद्दा जी की अस्थियां बुधवार को पूरे विधि विधान के साथ संगम में विसर्जित की गईं।

प्रातःकाल ही उनके पुत्र और शिष्यगण अस्थियां लेकर प्रयागराज पहुंचे जहां तीर्थ पुरोहित महल वाले पण्डा ने दशगात्र और पिंडदान की क्रिया संपन्न कराई।
इसके पश्चात नाव द्वारा अस्थि कलश को संगम ले जाया गया जहां वैदिक रीति से मंत्रोच्चार के साथ गंगा यमुना और अदृश्य सरस्वती की पावन जल धारा में विसर्जित किया गया।

अस्थि विसर्जन सहित सभी क्रियाएं दद्दा जी के जेष्ठ पुत्र संजय त्रिपाठी द्वारा पूरी की गईं। संपूर्ण कार्यक्रमों में दद्दा जी के पुत्रों के साथ उनके करीबी शिष्य मध्य प्रदेश के कटनी से विधायक संजय पाठक, फिल्म अभिनेता आशुतोष राणा और राजपाल यादव आदि मौजूद रहे।
अस्थि विसर्जन के दौरान लाकडाउन का भी पालन किया गया। अस्थियों को संगम में विसर्जित करने से पूर्व दद्दा के प्रयागराज में रह रहे अनुयायियों द्वारा उन्हें नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
अपने पूज्य संत को श्रद्धांजलि देने वालों की तादाद सैकड़ों में रही। स्थानीय स्तर पर सभी तैयारियां दद्दा जी के करीबी शिष्य गणो द्वारा की गई।

