Friday, May 15, 2026
jabalpur

पाटन, बरगी, पनागर और सिहोरा के मतदान कर्मियों को आज रात तक जबलपुर पहुंचने के निर्देश

जबलपुर, । बड़ी संख्या में वाहनों को अधिग्रहित किये जाने से आवागमन में होने वाली असुविधा की संभावना के मद्देनजर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर श्रीमती छवि भारद्वाज ने विधानसभा क्षेत्र पाटन, बरगी, पनागर और सिहोरा में मतदान कराने तैनात किये गए सभी मतदान कर्मियों को वाहनों के अधिग्रहण से आवागमन में होने वाली असुविधा के मद्देनजर 26 नवंबर की रात तक जबलपुर में ही उपस्थित होने के निर्देश दिये हैं ।
इस बारे में जारी एक आदेश में कलेक्टर श्रीमती भारद्वाज ने कहा है कि चूंकि विधानसभा का चुनाव कराने इन विधानसभा क्षेत्रों में नियुक्त मतदान कर्मियों को मतदान सामग्री का वितरण 27 नवंबर की सुबह 6 बजे से किया जाना है । मतदान कर्मियों को वाहनों के अधिग्रहण के कारण आवागमन में होने वाली कठिनाइयों का सामना न करना पड़े और वे नियत समय पर एमएलबी स्कूल स्थित सामग्री वितरण केन्द्र पर पहुंच जायें इसके लिए उन्हें एक दिन पूर्व 26 नवंबर की रात तक जबलपुर आकर उपस्थिति दर्ज करानी होगी ।
कलेक्टर द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि प्रशासन द्वारा पाटन, बरगी, पनागर और सिहोरा विधानसभा क्षेत्र के ऐसे सभी मतदान कर्मियों के लिए 26 नवंबर की रात जबलपुर में रूकने की व्यवस्था की गई है, जिनके स्वयं के निवास जबलपुर शहर में नहीं हैं ।
आदेश के मुताबिक विधानसभा क्षेत्र सिहोरा के मतदान कर्मियों को 26 नवंबर की रात भंवरताल उद्यान के समीप इकबाल भवन में रूकवाया जाएगा । जबकि पाटन विधानसभा क्षेत्र के मतदान कर्मियों के लिए होम साइंस कॉलेज के समीप पंजाबी हिन्दू एसोसिएशन भवन में, पनागर विधानसभा के मतदान कर्मियों के लिए आगा चौक स्थित आशीर्वाद भवन में तथा बरगी विधानसभा क्षेत्र के मतदान कर्मियों के लिये घंटाघर स्थित सिंधी धर्मशाला में रूकने की व्यवस्था की गई है ।
प्रशासन ने इन चारों विधानसभा क्षेत्रों के मतदान दलों में नियुक्त सभी महिला कर्मियों के लिए अलग से ठहरने की व्यवस्था की है। चारों विधानसभा क्षेत्र की महिला मतदान कर्मियों को 26 नवंबर की रात दमोहनाका के पास स्थित गोपाल सदन में रूकवाया जायेगा। इस दौरान गोपाल सदन में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम भी किये जायेंगे ।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply