Site icon Yashbharat.com

पांडे और धोनी के अर्द्धशतकों से भारत का चुनौतीपूर्ण स्कोर

images 20

सेंचुरियन। मनीष पांडे और ‍महेंद्रसिंह धोनी की फिफ्टी से भारत ने बुधवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। भारत ने 4 विकेट पर 188 रन बनाए। पांडे 79 और धोनी 52 रन बनाकर नाबाद रहे।

दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारत को पहला झटका जूनियर डाला ने दिया जब उन्होंने रोहित शर्मा (0) को एलबीडब्ल्यू किया। शिखर धवन ने तेजी से 24 रन बनाए, लेकिन वे डुमिनी की फुलटॉस गेंद पर कैच देकर पैवेलियन लौटे। विराट कोहली मात्र 1 रन बनाकर डाला की गेंद पर विकेटकीपर क्लासेन को कैच थमा बैठे। 45 रनों पर 3 विकेट खोने के बाद रैना के साथ मनीष पांडे ने पारी को संभालते हुए चौथे विकेट के लिए 45 रन जोड़े। फेहलुकवायो ने रैना (31) को एलबीडब्ल्यू किया।

90 रनों पर 4 विकेट की स्थिति के बाद पांडे ने धोनी के साथ मिलकर पारी को संभाला और चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। इस बीच पांडे ने करियर की दूसरी टी20 फिफ्टी पूरी की।

द. अफ्रीका ने प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया जबकि भारत ने अनफिट जसप्रीत बुमराह की जगह शार्दुल ठाकुर को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया। सेंचुरियन में दोपहर को बहुत ज्यादा बारिश हुई जिसके चलते भारत और दक्षिण अफ्रीका की महिला टीमों के बीच चौथा टी20 मैच रद्द करना पड़ा।

भारत तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना चुका है और उसका इरादा इस मैच को जीतकर सीरीज पर कब्जा जमाने का रहेगा। दूसरी तरफ मेजबान टीम इस मैच को जीतकर सीरीज में अपनी उम्मीदों को बनाए रखने के लिए पूरी ताकत लगाएगी।

भारत ने जोहान्सबर्ग में पहला टी20 मैच 28 रनों से जीतकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई थी। टीम इंडिया ने इससे पहले छह मैचों की वनडे सीरीज पर 5-1 से कब्जा जमाया था और अब उसका इरादा टी20 सीरीज जीतने का रहेगा।

Exit mobile version