Site icon Yashbharat.com

नौसेना में कोरोना / आर्मी के बाद अब नेवी में भी संक्रमण; आईएनएस आंग्रे के 21 नौसैनिक संक्रमित

images 2020 04 18T100008.532

मुंबई. कोरोनावायरस ने भारतीय नौसेना को भी अपनी चपेट में ले लिया है। 21 नाविक कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इन सभी को मुंबई के कोलाबा में स्थित नौसेना अस्पताल आईएनएचएस अश्विनी में भर्ती कराया गया है। आर्मी के बाद नौसेना में संक्रमण का पहला मामला है। नेवी ने बताया कि ये सभी एक नाविक के संपर्क में आए थे, जिसका 7 अप्रैल को टेस्ट पॉजिटिव आया था।

नौसेना ने न्यूज एजेंसी एएनआई को बताया, ‘मुंबई में नौसेना परिसर में 21 नेवी पर्सनल की कोविड-19 रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसमें मुंबई के तट पर खड़े आईएनएस आंग्रे के 20 नाविक शामिल हैं।’ ये सभी नौसैनिक आईएनएस-आंग्रे की आवासीय सुविधाओं में रह रहे थे। यह शिप वेस्टर्न नेवल कमांड के नेवल ऑपरेशन को लॉजिस्टिक्स और एडमिनिस्ट्रेटिव सपोर्ट मुहैया कराता है। नौसेना के अफसर उन लोगों का पता लगा रहे हैं, जो संक्रमित नौसैनिकों के संपर्क में आए हैं। इस बात का भी पता लगाया जा रहा है कि संक्रमित नौसैनिक ड्यूटी या फिर अन्य कामों से किन-किन जगहों पर गए थे।

आईएनएस आंग्रे को लॉकडाउन किया गया
आईएनएस आंग्रे को लॉकडाउन कर दिया गया है। सभी आवासीय ब्लॉक को क्वारैंटाइन कर दिया और इसे कंटेनमेंट जोन घोषित किया है। निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत कार्रवाई की जा रही है। नेवी का कहना है कि शिप्स और सबमरीन पर कोई संक्रमण का केस सामने नहीं आया है।

आर्मी में 8 जवान कोरोना से संक्रमित
आर्मी चीफ जनरल एमएम नरवणे ने 17 अप्रैल को बताया था कि सेना में कोरोना संक्रमण के 8 मामले सामने आए हैं। इनमें दो डॉक्टर और एक नर्स भी शामिल है। वहीं, हमारे जो जवान किसी कोरोना संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में नहीं आए, उन्हें यूनिट में वापस भेजा जा रहा है। हमने इसके लिए एक बेंगलुरु से जम्मू और दूसरी बेंगलुरु से गुवाहाटी, दो स्पेशल ट्रेनें निर्धारित की हैं।

Exit mobile version