Site icon Yashbharat.com

T20-धवन की फिफ्टी से भारत की बांग्लादेश पर आसान जीत

images 12 1

कोलंबो। शिखर धवन की फिफ्टी (55) से भारत ने गुरुवार को निदाहास ट्रॉफी टी20 ट्राई सीरीज में बांग्लादेश पर 6 विकेट से आसान जीत दर्ज की। बांग्लादेश के 139/8 के जवाब में भारत ने 8 गेंद शेष रहते 4 विकेट खोकर जीत हासिल की। भारत की यह सीरीज में दो मैचों में पहली जीत है।

इस जीत से भारत का टी20 में बांग्लादेश के खिलाफ अपराजेय क्रम जारी रहा। उसकी यह बांग्लादेश पर लगातार छठी जीत है।

लक्ष्य का पीछा कर रहे भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और रोहित 17 रन बनाने के बाद मुस्ताफिजुर की गेंद को स्टंप पर खेल बैठे। रिषभ पंत को प्रमोट कर तीसरे क्रम पर भेजा गया, लेकिन वे इसका फायदा नहीं उठा पाए और 7 रन बनाकर रूबेल की गेंद को स्टंप पर खेल बैठे। रैना 28 रन बनाकर रुबेल हुसैन की गेंद पर मेहदी हसन को कैच थमा बैठे। उन्होंने धवन के साथ तीसरे विकेट के लिए 68 रन जोड़े। धवन 55 रन बनाकर तस्कीन अहमद की गेंद पर लिटन दास को कैच थमा बैठे। उन्होंने 5 चौके और 2 छक्के लगाए।

भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। सरकार 14 रन बनाकर उनादकट की गेंद पर शॉर्ट फाइनलेग पर चहल को कैच थमा बैठे। तमिम 15 रन बनाने के बाद शार्दुल की बाउंसर पर शॉर्ट फाइन लेग पर उनादकट को कैच थमा बैठे।

लिटन दास भाग्यशाली रहे कि उन्हें विजय शंकर के एक ओवर में दो जीवनदान मिले। लिटन जब 7 रन पर थे तब सुरेश रैना ने उनका आसान कैच छोड़ा। इसके बाद लिटन जब 8 रनों पर थे तब सुंदर ने उनका कैच छोड़ा। रहीम 18 रन बनाकर विजय शंकर की गेंद पर विकेटकीपर कार्तिक को कैच दे बैठे। वैसे अंपायर ने उन्हें आउट नहीं दिया, जिसके बाद भारत ने रिव्यू लिया और थर्ड अंपायर की मदद से उन्हें यह विकेट मिला।

कप्तान महमदुल्लाह से बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वे विजय शंकर की गेंद पर कवर्स पर ठाकुर को कैच थमाकर पैवेलियन लौटे। लिटन दो जीवनदानों का ज्यादा लाभ नहीं उठा पाए और 34 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें चहल की गेंद पर रैना ने लपका। मेहदी हसन 3 रन बनाकर उनादकट के शिकार बने। उनादकट ने शब्बीर रहमान (30) के रूप में अपना तीसरा शिकार किया। उनादकट ने 38 रनों पर 3 विकेट लिए। विजय शंकर को 2 विकेट मिले।

पहला मैच हारने के बावजूद भारत ने प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है। बांग्लादेश ने मैच में छह बल्लेबाजों और पांच गेंदबाजों के साथ मैदान में उतरने का फैसला किया।

Exit mobile version