नरोत्तम मिश्रा को गृह और स्वास्थ्य, सिलावट को जल संसाधन, कमल पटेल को कृषि, राजपूत को खाद्य विभाग
भोपाल। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कल शपथ लेने वाले 5 मंत्रियों को विभागों का बंटवारा कर दिया। नरोत्तम मिश्रा को गृह और स्वास्थ्य विभाग, मीना सिंह को आदिम जाति कल्याण विभाग। तुलसी सिलावट को जल संसाधन, कमल पटेल को कृषि मंत्रालय, गोविंद सिंह राजपूत को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग सौंपा गया। बताया जा रहा है कि सीएम शिवराज सिंह चौहान विभागों को बंटवारे को लेकर राज्यपाल लालजी टंडन से मिलने पहुंचे थे। इसके बाद मंत्रियों के विभागों की घोषणा कर दी गई।
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने मंत्रियों के विभागों की घोषणा करते हुए कहा कि अभी कोरोना की वजह से 5 मंत्रियों को ही कैबिनेट में शामिल किया गया है। 3 मई के बाद लॉकडाउन खुलने के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार होगा, जिसमें फिर विभागों का वितरण किया जाएगा।
इसके पहले मंगलवार को 5 मंत्रियों को शपथ दिलाए जाने के बाद उन्हें संभागों का जिम्मा सौपा गया था। डॉ.नरोत्तम मिश्रा को भोपाल व उज्जैन, तुलसी सिलावट को इंदौर और सागर, कमल पटेल को जबलपुर व नर्मदापुरम, गोविंद सिंह राजपूत को चंबल व ग्वालियर और मीना सिंह को रीवा एवं शहडोल संभाग सौपा गया था।

