Latest

उन्नाव और कठुआ दुष्कर्म के खिलाफ अर्ध रात्रि कांग्रेस का कैंडल मार्च

नई दिल्ली। उन्नाव और कठुआ दुष्कर्म मामले के विरोध में बृहस्पतिवार मध्यरात्रि को कांग्रेस ने मान सिंह रोड से इंडिया गेट तक कैंडल मार्च निकाला। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी मार्च में शामिल हुए। इस मार्च में प्रियंका गांधी, राबर्ट वाड्रा सहित कई कांग्रेस नेता इसमें शामिल हुए। राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार रात लगभग सवा नौ बजे ट्वीट कर लोगों से इंसाफ की लड़ाई में शामिल होने की अपील की।

पूर्व केंद्रीय मंत्री गुलाम नबी आजाद ने कहा कि उन्नाव और कठुआ में दुष्कर्म के आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। कांग्रेस के दबाव में कठुआ दुष्कर्म के आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ लेकिन अब भाजपा के मंत्री उन्हें बचाने की कोशिश कर रहे हैं। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन ने कहा कि दुष्कर्म पीड़िता और उनके परिवार के लोग इंसाफ की गुहार लगा रहे हैं लेकिन सरकार सो रही है जिसे जगाने के लिए रात 12 बजे मार्च निकाला जा रहा है।

कैंडल मार्च में बड़ी संख्या में लोग शामिल हैं। अकबर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय से लेकर इंडिया गेट तक लोग खड़े होकर दुष्कर्म के आरोपियों को सजा देने और केंद्र सरकार, उप्र सरकार व जम्मू कश्मीर सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे।

Leave a Reply

Back to top button