दिल्‍ली, हरियाणा में आई धूल भरी तेज आंधी, पूरी रात चलेगा तूफान

नई दिल्ली। दिल्‍ली, एनसीआर और हरियाणा में सोमवार रात 11.30 बजे बाद आंधी आ गई। इस कारण सड़क पर‍ दृश्‍यता कम हो गई। वहीं गुरुग्राम एवं हरियाणा के कई इलाकों में बिजली गुल हो गई।

दिल्ली के प्रगति मैदान क्षेत्र पर धूल की आंधी देखी गई। खराब मौसम के चलते गाजियाबाद में 8 मई मंगलवार को सभी स्‍कूल एवं कॉलेज बंद रखे जाएंगे। गाजियाबाद डीएम ने ट्वीट करके इस बात की जानकारी दी है।

मंगलवार को दोपहर बाद 50-60 किमी से लेकर 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलेगी। चूंकि हवाओं में नमी है, इसलिए बाद में तेज बारिश होने की भी संभावना है।

हालांकि, इसका प्रभाव सभी जगह एक सा नहीं रहेगा। पंजाब, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में यह मजबूत रहेगा, जबकि दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा में अपेक्षाकृत हल्का रहेगा।

हरियाणा में धूल भरी आंधी

कई स्कूलों में छुट्टी का एलान : उत्‍तर भारत में तेज आंधी व बारिश की चेतावनी के चलते हरियाणा सरकार ने जहां अपने प्रदेश में आठ मई को स्कूल बंद रखने का एलान किया है।

वहीं पंजाब में पटियाला के राजपुरा में भी इलाके के बड़े स्कूलों ने मंगलवार को स्कूल बंद रखने की घोषणा कर दी।

गाजियाबाद में भी स्‍कूल कॉलेज रहेंगे बंद

खराब मौसम के चलते गाजियाबाद में भी 8 मई मंगलवार को सभी स्‍कूल एवं कॉलेज बंद रखे जाएंगे। गाजियाबाद डीएम ने ट्वीट करके इस बात की जानकारी दी है।

उत्तराखंड व हिमाचल में अलर्ट : मौसम के लिहाज से उत्तराखंड के लिए दो दिन चुनौती भरे हो सकते हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मंगलवार व बुधवार प्रदेश में ओलावृष्टि के साथ ही 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। हरिद्वार, अल्मोड़ा और बागेश्वर में कक्षा एक से 12वीं तक के स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।

रेत के गुब्बार व बारिश : सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे तूफान ने पाकिस्तान से सटे राजस्थान के बीकानेर, श्रीगंगानगर, बाड़मेर और जैसलमेर जिलों में दस्तक दी। इन जिलों में तेज आंधी और रेत के गुब्बार के चलते चारों तरफ अंधेरा छा गया। आंधी और बारिश के कारण गांवों में बिजली गुल हो गई, जिससे चारों तरफ अंधेरा छा गया।

रेड अलर्ट जारी

वहीं हिमाचल सरकार ने प्रदेश के छह जिलों में मंगलवार को खराब मौसम के कारण रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार शिमला, मंडी, कुल्लू, चंबा सोलन व सिरमौर में मंगलवार दोपहर बाद धूल भरी आंधी चलेगी, जिससे भारी नुकसान हो सकता है। वहीं कुल्लू के मनाली सहित अन्य पर्यटन स्थलों में बर्फ के फाहे गिरे। प्रशासन को गुलाबा से सैलानी वापस भेजने पड़े।

दिल्‍ली में धूल भरी आंधी

मौसम विशेषज्ञ का ये है कहना

सोशल साइट्स पर चल रही तमाम अफवाहों के बीच मौसम विशेषज्ञों ने मंगलवार को आने वाले आंधी-तूफान को सामान्य करार दिया है। यह भी कहा है कि प्री मानसून सीजन में ऐसी गतिविधियां हर साल होती हैं।

इसलिए डरने की कोई जरूरत नहीं है। सिर्फ सतर्क रहें और दहशत न फैलाएं। प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र, दिल्ली के निदेशक कुलदीप श्रीवास्तव ने जागरण से बातचीत में बताया कि इस आंधी-तूफान और बारिश की मुख्य वजह जम्मू-कश्मीर और हिमालय क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ का सक्रिय होना है।

साथ ही उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में चक्रवाती हवा चलना भी है। यह दोनों ही मौसम की सामान्य गतिविधि हैं और इस सीजन में हर साल होती हैं।

Exit mobile version