थाना, हथकड़ी, डंडा और केस डायरी में घुसा वायरस, आठ पुलिसकर्मी क्वारंटाइन
Indore news रासुका के मुलजिम के कोरोना पॉजिटिव मिलने से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। उसके जरिए कोरोना घुसने की शंका में थाना, हथकड़ी, केस डायरी, हवालात और डंडों को सैनिटाइज करवाया जा रहा है। मुलजिम से पूछताछ, गिरफ्तारी करने और फिंगर प्रिंट लेने वाले सारे अधिकारी व कर्मचारियों को छुट्टी पर भेज दिया है। जेल ले जाने वाले पुलिकर्मी, वाहन चालक को भी क्वारंटाइन करवा दिया है। संभवतः यह पहला वाकया है जब किसी थाने को कोरोना के भय से ऐसे वक्त का सामना करना पड़ा हो।
सीएसपी (प्रोबेशनर आइपीएस) पुनित गहलोद के मुताबिक, चंदन नगर स्थित चंदूवाला रोड निवासी पथराव-हमले के आरोपित की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद हमने आठ पुलिसकर्मियों को चि-ति किया है। इनमें मुलजिम को पकड़ने, गिरफ्तार करने वाले एसआइ, फिंगर प्रिंट लेने वाले एएसआइ और हथकड़ी लगाकर कोर्ट में पेश करने वाले प्रधान आरक्षक, आरक्षक शामिल हैं। सभी से कहा गया है कि वे फिलहाल थाने न आएं और कोविड-19 की जांच करवा लें। सभी को क्वारंटाइन करवाकर निगरानी में रखा गया है।
अफसरों ने शनिवार को हवालात व थाने के उस हिस्से को सैनिटाइज करवाया जहां मुलजिम को बैठाया गया था। मुलजिम ने जिन कागजों, केस डायरी, गिरफ्तारी पंचक, जब्तीनामा पर हस्ताक्षर किए उसे और हथकड़ी व डंडों को भी सैनिटाइज करवाया। बताया जाता है कि पुलिस पर पथराव की घटना से आक्रोशित होकर कुछ पुलिसकर्मियों ने मुलजिम को डंडे लगाए थे। सीएसपी के मुताबिक, आरोपित को जिला पुलिस लाइन में पदस्थ सिपाही जबलपुर जेल छोड़ने गया था। आरआइ जयसिंह तोमर ने सिपाही और वाहन चालक को भी क्वारंटाइन कर दिया है।
सेंट्रल जेल के कैदी, अफसर, कर्मचारियों में भी कोरोना का खतरा
हमले में आरोपित के पिता भी मुलजिम है और उसे भी एक साथ गिरफ्तार किया गया था। रासुका लगने के बाद बेटे को जबलपुर और पिता को सेंट्रल जेल भेज दिया। कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट मिलने के बाद चंदन नगर टीआइ योगेशसिंह तोमर ने जेल अधीक्षक राकेश भंगारे से संपर्क कर सूचित किया। आरोपित ने जब जेल में आमद दर्ज करवाई तब कई बार अधिकारी (सीओ), जेल प्रहरी, अधिकारी और कैदी संपर्क में आए थे। ऐसे में जेल में कोरोना फैलने का खतरा बढ़ गया है। भंगारे के मुताबिक, हमने मुलजिम को आइसोलेशन वार्ड में रखा था। शनिवार को बेटे में कोरोना पाए जाने के बाद उसकी भी जांच करवाई है।
रिश्तेदार-साथी और स्वजन में भी फैलने का डर
अब मुलजिम के रिश्तेदार, पड़ोसी, दोस्त और स्वजन में भी कोरोना फैलने की आशंका है। बताया जाता है कि पथराव की घटना के बाद मुलजिम एक रिश्तेदार के घर में छिपा था। पुलिस ने उसे वहीं से पकड़ा था। उसने न तो मोहल्ले और घर में सामाजिक दूरी का ध्यान रखा न रिश्तेदार के घर पर दूरी बनाई। ऐसे में अफसर सभी संदेहियों की जांच करवाने का विचार कर रहे हैं।